- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- संभाग मुख्यालय में अवैध होर्डिंग्स...
Shahdol News: संभाग मुख्यालय में अवैध होर्डिंग्स पर चींटी चाल चल रही नगर पालिका की कार्रवाई

- छतों पर अवैध होर्डिंग, अधिकारियों ने मूंदी आंख
- नगर पालिका को इस बात की जानकारी है कि शहर में जहां भी होर्डिंग तने हैं तो वह अवैध है।
- नगर पालिका के अधिकारी कार्रवाई को लेकर लगातार उदासीन रवैया अपना रहे हैं।
Shahdol News: संभाग मुख्यालय में अधिकांश घर ऐसे हैं, जिनकी छतों पर खुलेआम नियमों को ताक पर रखकर अवैध होर्डिंग्स तने हैं। नगर पालिका के अधिकारी इन होर्डिंग पर कार्रवाई की बात तो कहते हैं, लेकिन कार्रवाई हो नहीं रही। कार्रवाई में लापरवाही का सीधा नुकसान नगर पालिका को टैक्स में हो रहा है और इसका फायदा होर्डिंग माफिया उठा रहे हैं।
शहर में एक दर्जन से ज्यादा स्थान ऐसे हैं, जहां मानकों को ताक पर रखकर होर्डिंग तने हैं। इन होर्डिंग में मध्यप्रदेश आउटडोर मीडिया पॉलिसी 2017 का खुला उलंघन होने के बाद भी नगर पालिका के अधिकारी कार्रवाई को लेकर लगातार उदासीन रवैया अपना रहे हैं।
चेतावनी के 10 माह बाद भी मामला ठंडे बस्ते में
सीएमओ अक्षत बुंदेला द्वारा 24 जुलाई 2024 को सार्वजनिक सूचना जारी कर स्पष्ट किया गया कि शहर में किसी भी निजी छत पर होर्डिंग लगाने की अनुमति नगर पालिका से जारी नहीं की गई है। इस सूचना में 48 घंटे का समय देकर संबंधितों को मध्यप्रदेश आउटडोर मीडिया पॉलिसी 2017 के प्रावधानों का पालन करने भी कहा गया।
जानकर ताज्जुब होगा कि नगरपालिका की चेतावनी के बाद 48 घंटे तो दूर 10 माह में किसी ने भी निजी घर पर होर्डिंग अनुमति के लिए आवेदन नहीं किया। इस दौरान नियम विरूद्ध होर्डिंग्स लगाने मामले में नगर पालिका ने भी कार्रवाई नहीं की।
छत पर तने होर्डिंग में इन मानकों की अनदेखी
>> स्ट्रक्चरल प्रमाण पत्र नहीं है। ऐसे में छत पर कमजोर नीव और हवा का दबाव नहीं झेल पाने पर कभी भी होर्डिंग गिरा तो जानमाल का नुकसान होगा।
>> होर्डिंग के लिए बीमा प्रावधानों का पालन करना भी जरूरी है और दस्तावेज नगर पालिका में जमा होगा। शहर में छत पर तने होर्डिंग में एक का भी बीमा दस्तावेज नगर पालिका में जमा नहीं है।
दो माह में 8 अवैध होर्डिंग ही काटे
नगर पालिका को इस बात की जानकारी है कि शहर में जहां भी होर्डिंग तने हैं तो वह अवैध है। ऐसे होर्डिंग पर कार्रवाई भी हो रही है पर कार्रवाई की रफ्तार बेहद धीमी है। दो माह में 8 अवैध होर्डिंग ही नगर पालिका की टीम काट सकी है। सीएमओ अक्षत बुंदेला का कहना है कि अवैध होर्डिंग को काटने की कार्रवाई लगातार जारी है।
Created On :   7 Jun 2025 12:57 PM IST