IPL 2026: 'बिना टिकट स्टेडियम जैसा रोमांच', BCCI ने फैन पार्क के लिए जारी की शहरों की लिस्ट, देखें आपका शहर है या नहीं?

बिना टिकट स्टेडियम जैसा रोमांच, BCCI ने फैन पार्क के लिए जारी की शहरों की लिस्ट, देखें आपका शहर है या नहीं?
  • 28 मार्च से होगा आईपीएल 2026 का आगाज
  • BCCI ने फैन पार्क के लिए जारी की शहरों की लिस्ट
  • तीन वीकेंड पर देश के अलग-अलग शहरों में होगा आयोजन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने वाला है। पहला मैच डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। इससे पहले बीसीसीआई ने टूर्नामेंट के पहले फेज के लिए जारी हुए शेड्यूल के मुताबिक फैन पार्क का ऐलान कर दिया है, जहां आप बिना टिकट के भी स्टेडिमय जैसा मजा ले सकते हैं। बीसीसीआई 11 राज्यों के 15 शहरों को इस सूची में शामिल किया है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने एक रिलीज जारी कर इसके बारे में जानकारी दी। फैन पार्क आयोजन तीन वीकेंड में होगा। प्रत्येक वीकेंड में देश के उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम दिशा में स्थित शहरों में इनका आयोजन होगा।

पहला वीकेंड - 28 और 29 मार्च को हरियाणा के रोहतक में छोटू राम पॉलिटेक्निक ग्राउंड पर, एमपी की राजधानी भोपाल में सरकारी एमवीएम कॉलेज ग्राउंड पर, महाराष्ट्र के नागपुर में मेकोसाबाग मेथोडिस्ट हाई स्कूल खेल का मैदान पर, कर्नाटक के तुमकुरु में सरकारी जूनियर कॉलेज फील्ड पर और बंगाल के कृष्णानगर में डीएल रॉय स्टेडियम में फैन पार्क आयोजित होंगे।

दूसरा वीकेंड - 4 और 5 अप्रैल को मथुरा (उत्तर प्रदेश) के अमरनाथ विद्या आश्रम में, जोधपुर (राजस्थान) के बरकतुल्लाह खान स्टेडियम में, निजामाबाद (तेलंगाना) के महिला शैक्षिक सोसायटी मैदान में, मैसूर (कर्नाटक) के एसबीआरआर महाजन फर्स्ट ग्रेड कॉलेज में और भुवनेश्वर (ओडिशा) के किट्स यूनिवर्सिटी स्टेडियम में फैन पार्क का आयोजन होगा।

तीसरा वीकेंड - 11 और 12 अप्रैल को मेरठ (यूपी) के भैंसाली मैदान, नडियाद (गुजरात) के राधे फार्म, रत्नागिरी (महाराष्ट्र) के स्वर्गीय प्रमोद महाजन क्रीड़ा संकुल में, कोयंबटूर (तमिलनाडु) के हिंदुस्तान कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस ग्राउंड में और राउरकेला (ओडिशा) के सेक्टर 17 ग्राउंड में फैन पार्क आयोजित होंगे।

बता दें कि आईपीएल में फैन पार्क की शुरुआत साल 2015 से हुई थी। इसका मकसद आईपीएल का रोमांच और ऊर्जा पूरे देश के फैंस तक पहुंचाना है। फैन पार्क में इंतजामों की बात करें तो यहां लाइव मैच स्क्रीनिंग के साथ-साथ म्यूजिक, मनोरंजन, फूड कोर्ट, बच्चों के खेल एरिया और वर्चुअल बैटिंग अनुभव, बॉलिंग नेट, फेस पेंटिंग, चीयर-ओ-मीटर और 360° फोटो बूथ जैसी ऑन ग्राउंड एक्टिविटीज होती हैं।

Created On :   23 March 2026 6:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story