PSL 2026: क्या रद्द होगी पाकिस्तान सुपर लीग? आतंकवादियों के निशाने पर विदेशी खिलाड़ी, दी टूर्नामेंट न खेलने की चेतावनी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान सुपर लीग सीजन-11 का आगाज 26 मार्च से हो रहा है। लेकिन इससे पहले ही लीग विवादों और सुरक्षा चिंताओं में घिरती नजर आ रही है। जहां एक तरफ विदेशी खिलाड़ियों के आईपीएल की वजह से टूर्नामेंट को छोड़कर जाने से पीएसएल की ब्रांड वेल्यू को झटका लगा है। वहीं, अब लीग पर आतंकी हमले का खतरा मंडरा रहा है।
दरअसल, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े गुट जमात-उल-अहरार (JuA) ने पीएसएल के मुकाबलों को लेकर धमकी दी है। आतंकी संगठन ने बयान जारी कर विदेशी खिलाड़ियों को टूर्नामेंट में न खेलने की धमकी दी है। संगठन ने तमाम क्रिकेट बोर्डों को कहा कि वे अपने खिलाड़ियों को पीएसएल में खेलने के लिए न भेजें। अगर खिलाड़ियों के साथ कुछ भी गलत होता है तो उसकी जिम्मेदारी उनकी नहीं होगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आतंकी संगठन की यह धमकी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है और इसकी पुष्टि भी कर दी गई है। JuA की ओर से यह भी कहा गया है कि उनकी कोशिश होगी कि टूर्नामेंट का एक भी मैच न हो सके।
वॉर्नर और स्टीव स्मिथ जैसे खिलाड़ी हैं शामिल
जमात-उल-अहरार ने अपने बयान में आगे कहा कि पाकिस्तान के मौजूदा हालात ऐसे नहीं है कि जहां इंटरनेशनल प्लेयर्स को सुरक्षा की गारंटी दी जा सके। ऐसे में खिलाड़ियों को अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पीएसएल से दूरी बनाने की सलाह दी गई है। बता दें कि पीएसएल में इस साल डेविड वॉर्नर, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, मोईन अली, डेवोन कॉन्वे और एडम जम्पा जैसे कई विदेशी खिलाड़ी खेल रहे हैं।
यह भी पढ़े -'बिना दर्शकों के करवाए जाएंगे पाकिस्तान सुपर लीग के मैच', इस वजह से डरा पीसीबी, जानें पूरा मामला
पीएसएल होगा या नहीं?
रविवार को देश में गहराए तेल संकट का हवाला देते हुए पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने पीएसएल को लेकर बड़ा ऐलान किया था। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट को सीमित कर दिया गया है। अब मुकाबले 6 की जगह 2 वेन्यू (लाहौर और कराची) में कराए जाएंगे। इसके साथ ही ओपनिंग सेरेमनी को रद्द करने और मैच बिना दर्शकों के कराने का भी फैसला लिया गया है। अब जमात-उल-अहरार की धमकी के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की चिंता और बढ़ गई है। ऐसे में देखना होगा कि क्या टूर्नामेंट सुरक्षित और सफल तरीके से आयोजित हो पाएगा या फिर इसे रद्द कर दिया जाएगा?
Created On :   23 March 2026 5:58 PM IST












