RR Vs MI: राजस्थान ने लगाई जीत की हैट्रिक, मुंबई को 27 रन से रौंदा, बल्लेबाजों के बाद गेंदबाज चमके

डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई को हराकर आईपीएल 2026 में जीत की हैट्रिक लगाई। टीम ने अपने दूसरे होमग्राउंड गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई को 27 रन से हरा दिया। इसी के साथ टीम इस सीजन की पॉइंट्स टेबल में नंबर वन की पोजिशन पर आ गई है।
बारिश होने की वजह से मैच को 20 ओवर की जगह 11-11 ओवरों का कर दिया गया था। मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की तूफानी बैटिंग की दम पर राजस्थान ने 11 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए। जवाब में मुंबई 11 ओवर में 9 विकेट पर 123 रन ही बना सकी।
यह भी पढ़े -आईपीएल 2026 बारिश से प्रभावित मैच में चमके जायसवाल-सूर्यवंशी, आरआर ने 27 रन से एमआई को हराया
वैभव-जायसवाल की तूफानी बैटिंग
वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने एक बार फिर राजस्थान रॉयल्स को तूफानी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 5 ओवर में 80 रन की साझेदारी की। जायसवाल ने पहले ही ओवर में दीपक चहर को 4 चौके और 1 छक्का जड़ा। इसके बाद आईपीएल में पहली बार जसप्रीत बुमराह का सामना कर रहे वैभव ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। उन्होंने बुमराह के इस ओवर में दो छक्के लगाए।
वैभव ने 14 गेंदों पर 1 चौका और 5 छक्के की सहायता से 39 रन बनाए। वहीं यशस्वी 32 गेंदों पर 77 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 4 छक्के जड़े। कप्तान रियान पराग ने 10 गेंदों पर 20 रन की पारी खेली। टीम ने 11 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए। मुंबई इंडियंस की ओर से अल्लाह गजनफर ने सबसे ज्यादा 2 विकेट झटके। एक सफलता शार्दूल ठाकुर को मिली। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को आउट किया।
मुंबई का टॉप ऑर्डर हुआ फेल
151 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही। आधी टीम 50 रन के अंदर आउट हो गई। रायन रिकेल्टन, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव हार्दिक पांड्या दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। नमन धीर और शरफेन रदरफोर्ड ने 25-25 रन की पारियां जरूर खेलीं, लेकिन वो टीम को टारगेट तक नहीं पहुंचा सके।
राजस्थान की ओर से नांद्र बर्गर, संदीप शर्मा, और रवि विश्नोई ने 2-2 विकेट झटके। जोफ्रा ऑर्चर और रवि विश्नोई को 1-1 सफलता मिली। एक बैटर रनआउट हुआ। यशस्वी जायसवाल को उनकी शानदार इनिंग के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
यह भी पढ़े -क्या दिल्ली के विजय रथ को रोक पाएगी गुजरात टाइटंस, जानें पिच रिपोर्ट और पॉसिबल प्लेइंग-11
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
मुंबई इंडियंस - रोहित शर्मा, रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), नमन धीर, शार्दूल ठाकुर, दीपक चाहर, अल्लाह गजनफर, जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट।
इम्पैक्ट प्लेयर - शेरफन रदरफोर्ड।
राजस्थान रॉयल्स - यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे और संदीप शर्मा।
इम्पैक्ट प्लेयर - रवि बिश्नोई।
Created On :   8 April 2026 12:49 AM IST













