David Warner in Trouble: पीएसएल के बीच गिरफ्तार हुए डेविड वॉर्नर, ड्रिंक एंड ड्राइव के आरोप में पुलिस ने लिया एक्शन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान सुपर लीग का 11वां सीजन खेला जा रहा है। इस बीच टूर्नामेंट में कराची किंग्स की कप्तानी कर रहे डेविड वॉर्नर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर ड्रिंक एंड ड्राइव का आरोप लगा है। पुलिस उन्हें ब्रीथ टेस्ट के बाद अरेस्ट कर थाने ले गई है। आइए जानते हैं पूरा मामला...
घटना सिडनी के मारूब्रा इलाके की है, जहां न्यू साउथ वेल्स पुलिस ब्रीथ टेस्ट कर रही थी। इस दौरान वॉर्नर का भी सैंपल लिया गया, जिसमें पाया गया कि उन्होंने लिमिट से ज्यादा शराब पी रखी थी। उनकी ब्लड रीडिंग 0.104 थी, जो ऑस्ट्रेलिया की लिमिट से डबल है। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर मारूब्रा पुलिस स्टेशन ले जाया गया।
इस दिन कोर्ट में होंगे पेश
पुलिस के मुताबिक, "रविवार (05 अप्रैल) को सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस मारूब्रा के मालाबार रोड पर रैंडम ब्रीथ टेस्ट कर रही थी। एक वैन को कथित तौर पर टेस्टिंग साइट से कुछ दूरी पर रुकते और पार्क करते हुए देखा गया। ट्रैफिक और हाईवे पेट्रोल के अधिकारियों ने वाहन के पास जाकर चालक (एक 39 वर्षीय व्यक्ति) का सड़क किनारे टेस्ट किया, जिसका नतीजा पॉजिटिव आया।" केस में अगले महीने कोर्ट में पेशी होगी।
बता दें कि वॉर्नर की कप्तानी वाली कराची किंग्स का अगला मुकाबला 9 अप्रैल को पेशावर जालमी के खिलाफ होना है। दोनों मैचों के बीच मिले 6 दिन के ब्रेक में वॉर्नर ऑस्ट्रेलिया गए थे।
Created On :   7 April 2026 7:25 PM IST












