पाकिस्तान सुपर लीग में हुआ जबरदस्त ड्रामा, बीच मैदान पर हुआ स्टीव स्मिथ का अपमान, वीडियो देख समझें पूरा मामला?

डिजिटल डेस्क, भोपाल। पाकिस्तान सुपर लीग अपने मैचों से ज्यादा विवादों को लेकर चर्चा में बना हुआ है। पहले कई विदेशी खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया, फिर मुकाबले बिना दर्शकों के खेले जा रहे हैं। अब एक और ऐसी घटना सामने आई है जिसे ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बैटर स्टीव स्मिथ की बेइज्जती माना जा रहा है। कुछ पाकिस्तानी फैंस इसे बाबर आजम की बेइज्जती का बदला भी मान रहे हैं। आइए जानते हैं पूरा मामला...
मामला टूर्नामेंट के 13वें मैच का है जो कि मुल्तान सुल्तान और क्वेटा ग्लेडिएटर्स के बीच खेला गया था। मुल्तान टीम क्वेटा के दिए 167 रन के टारगेट का पीछा कर रही थी। स्टीव स्मिथ और साहिबजादा फरहान क्रीज पर मौजूद थे। इस बीच एक ऐसा समय आया जब साहिबजादा फरहान ने ओवर की आखिरी गेंद पर स्मिथ को सिंगल लेने से इनकार कर दिया। इससे स्मिथ नाराज दिखाई दिए।
बीबीएल की याद हुईं ताजा
इस घटना के बाद फैंस को इस साल की शुरूआत में खेली गई बिग बैश लीग की याद ताजा हो गईं। टूर्नामेंट के एक मैच में सिडनी सिक्सर्स की ओर से खेल रहे स्टीव स्मिथ ने नॉन-स्ट्राइक पर खड़े बाबर आजम को रन लेने से इनकार कर दिया था। इस तरह साहिबजादा फरहान की हरकत को फैंस बाबर के बदले से जोड़ रहे हैं। खास बात यह है कि बिग बैश लीग में बाबर भी उसी तरह निराश दिखे थे, जैसे स्मिथ पीएसएल में एक रन न लेने देने के बाद दिखाई दिए। देखें वीडियो...
कैसा रहा मैच का हाल?
मैच में पहले बैटिंग करते हुए क्वेटा ग्लेडिएटर्स ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 166 रन बोर्ड पर लगाए। टीम के लिए कप्तान सऊद शकील ने 56 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली। 167 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी मुल्तान सुल्तान्स की ओर से स्टीव स्मिथ ने 35 गेंदों में 7 चौके और 1 छक्के की मदद से 53 रन की पारी खेली। उनकी इसी पारी के बदौलत मुल्तान ने 6 विकेट से जीत दर्ज की।
Created On :   7 April 2026 5:51 PM IST












