IPL 2026: रोमांचक मुकाबले में DC की शानदार जीत, RCB को उसके घर में 6 विकेट से रौंदा, राहुल और स्टब्स की फिफ्टी

रोमांचक मुकाबले में DC की शानदार जीत, RCB को उसके घर में 6 विकेट से रौंदा, राहुल और स्टब्स की फिफ्टी
  • दिल्ली ने बेंगलुरु पर दर्ज की रोमांचक जीत
  • आखिरी ओवर में मिलर की तूफानी बैटिंग
  • स्टब्स 60 रन बनाकर नॉट आउट लौटे

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। आईपीएल 2026 में आज का पहला मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच में दिल्ली ने 6 विकेट से जीत दर्ज की। दिल्ली को मैच जीतने के लिए आखिरी ओवर में 15 रन चाहिए थे। डेविड मिलर ने दो छक्के और 1 चौका लगाकर अपनी टीम को शानदार जीत दिला दी।

यह इस आईपीएल में दिल्ली की तीसरी जीत है। इसके साथ ही टीम अब पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर आ गई है। वहीं बेंगलुरु को इस सीजन की दूसरी हार मिली। वह 6 मैचों में से 4 जीत और दो हार के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर बनी हुई है।

दिल्ली को मिला 176 का टारेगट

मुकाबला बेंगलुरु के होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया। टॉस जीतकर दिल्ली ने पहले गेंदबाजी चुनी। पहले बैटिंग करते हुए बेंगलुरु ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। टीम की ओर से फिल सॉल्ट ने शानदार 63 रन की पारी खेली। उन्होंने 38 गेंदों का सामना किया और 4 चौके व 3 छक्के जड़े। उनके अलावा टिम डेविड ने 26 रन बनाए। टीम का अन्य कोई बैटर 20 रन का आंकड़ा नहीं छू पाया। विराट कोहली आज के मैच में फ्लॉप रहे, उन्होंने 13 गेंदों पर 19 रन की पारी खेली। दिल्ली के गेंदबाजों ने शानदार बॉलिंग की। लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव और कप्तान अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए। मुकेश कुमार को एक सफलता मिली।

केएल राहुल और स्टब्स ने लगाए शानदार अर्धशतक

176 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने शुरुआत की तीन ओवरों में ही अपने 3 विकेट गंवा दिए। इसके बाद केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स ने 69 रन की साझेदारी कर टीम को संकट से उबारा। राहुल के 57 रन पर आउट होने के बाद स्टब्स ने पहले कप्तान अक्षर पटेल के साथ 47 और फिर डेविड मिलर के साथ 45 रन की साझेदारी कर, टीम को जीत दिलाई।

स्टब्स ने 60 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा अक्षर पटेल ने 26 और मिलर ने नॉट आउट 22 रन की पारी खेलकर, टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। बेंगलुरु की तरफ से भुवनेश्वर कुमार सबसे सफल बॉलर रहे, उन्होंने 4 ओवर में केवल 26 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके अलावा एक सफलता क्रुणाल पांड्या को मिली।

Created On :   18 April 2026 7:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story