Manjot Kalra Arrested In Sri Lanka: टीम इंडिया को वर्ल्ड कप जिताने वाला क्रिकेटर श्रीलंका में गिरफ्तार, खिलाड़ियों को रिश्वत देने का लगा आरोप, जानें पूरा मामला

टीम इंडिया को वर्ल्ड कप जिताने वाला क्रिकेटर श्रीलंका में गिरफ्तार, खिलाड़ियों को रिश्वत देने का लगा आरोप, जानें पूरा मामला
भारत को 2018 का अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाले मनजोत कालरा चर्चा में हैं। उन्हें श्रीलंका में रिश्वत देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। भारत को 2018 का अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाले मनजोत कालरा चर्चा में हैं। उन्हें श्रीलंका में रिश्वत देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दरअसल, कालरा लंका प्रीमियर लीग में जाफना किंग्स के सह-मालिक हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने पैसे का लालच देकर खिलाड़ियों को खरीदा है। श्रीलंका की खेल भ्रष्टाचार रोधी जांच इकाई ने कालरा को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना टूर्नामेंट शुरू होने के कुछ समय पहले की है।

27 साल के कालरा को खेल से जुड़े अपराधों की जांच करने वाली श्रीलंका पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने हिरासत में लिया और मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 31 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। केवल मनजोत ही नहीं इस मामले में पुलिस ने उनके साथी युवराज पुष्पा को भी अरेस्ट किया है।

अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत की जीत के हीरो

मनजोत कालरा अंडर-19 वर्ल्ड कप 2018 की विनर भारतीय टीम के सदस्य थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए खिताबी मुकाबले में नाबाद 101 रन की पारी खेली थी। उस मैच में भारतीय टीम 217 रन के टारगेट का पीछा कर रही थी। कालरा की नाबाद शतकीय पारी की बदौलत टीम इंडिया ने 39वें ओवर में टारगेट हासिल कर लिया था। उस समय भारतीय टीम के कप्तान पृथ्वी शॉ थे जबकि कोच राहुल द्रविड़। उस टीम में शुभमन गिल, शिवम मावी, कमलेश नागरकोटी और इशान पोरेल भी थे।

अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने कालरा को अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले थे। उन्होंने दिल्ली के लिए फर्स्ट क्लास, लिस्ट-ए और टी-20 क्रिकेट भी खेला।

Created On :   17 July 2026 11:45 PM IST

Next Story