Brook Nightclub Controversy: 'मैं बेहद शर्मिंदा हूं', नाइट क्लब विवाद पर इंग्लिश कप्तान ब्रूक ने मांगी माफी, ECB ने लगाया जुर्माना

डिजिटल डेस्क, भोपाल। नाइट क्लब विवाद में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने माफी मांगी है। घटना पिछले साल अक्टूबर की है, जब इंग्लिश टीम न्यूजीलैंड के दौर पर थी। लेकिन इसका वीडियो गुरुवार को सामने आया। वायरल वीडियो में ब्रूक अपने साथी खिलाड़ी जैकब बेथेल के साथ शराब पीते दिखाई दे रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वेलिंगटन वनडे से एक रात पहले यानि 31 अक्टूबर को हैरी ब्रूक को एक नाइट क्लब में एंट्री नहीं दी गई थी। इससे गुस्साए इंग्लिश कप्तान ने क्लब के बाउंसर से झगड़ा किया। इस दौरान बाउंसर ने उन्हें मारा। यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब इंग्लैंड की टीम को एशेज में ऑस्ट्रेलिया के हाथों 1-4 की शर्मनाक हार झेलनी पड़ी है और साथ ही टीम के कल्चर पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ECB ने लगाया जुर्माना
इंग्लैंड टीम के वनडे और टी20 कप्तान ब्रूक पर ईसीबी (इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड) ने इस घटना के लिए 30 हजार पाउंड का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही उन्हें ऐसा दोबारा न करने की चेतावनी भी दी है। हालांकि बोर्ड ने उन्हें कप्तान बनाए रखने का फैसला बरकरार रखा है। वह फरवरी से शुरू होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप 2026 और 2 हफ्ते बाद शुरू होने वाली श्रीलंका के खिलाफ लिमिटेड ओवर्स की सीरीज तक इंग्लैंड की कमान संभालेंगे।
यह भी पढ़े -रोमांचक मुकाबले में पंजाब से हारी मुंबई, अय्यर से लेकर सूर्युकमार यादव तक सभी सितारे रहे फ्लॉप
ब्रूक ने मांगी माफी
वहीं मामले को लेकर ब्रूक ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, 'मैं उस बर्ताव के लिए माफी मांगता हूं। मेरा व्यवहार गलत था। मुझे और इंग्लैंड टीम को शर्मिंदगी उठानी पड़ी। इंग्लैंड को रिप्रिजेंट करना सबसे बड़ा सम्मान है।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं अपने साथी खिलाड़ियों, कोचों और फैंस को निराश करने के लिए बेहद शर्मिंदा हूं। मैं अपनी गलती से सीखकर मैदान के अंदर और बाहर अपने व्यवहार से दोबारा भरोसा जीतने के लिए कमिटेड हूं।'
Created On :   8 Jan 2026 6:10 PM IST












