- Home
- /
- फर्जी खबरें
- /
- चुनाव हारने के बाद SP कार्यकर्ता ने...
फैक्ट चेक: चुनाव हारने के बाद SP कार्यकर्ता ने 2022 में लगाई थी खुद को आग, वीडियो गलत दावे से किया जा रहा वायरल

- सपा कार्यकर्ता का वीडियो वायरल
- पुतला जलाने जा रहे कार्यकर्ता को खुद लगी आग- दावा
- साल 2022 की है घटना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर एक क्लिप तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में एक सफेद कुर्ता और काले रंग का जैकेट पहने एक व्यक्ति को हाथ में प्ले कार्ड के साथ नजर आ रहा है। देखते ही देखते अचानक आग लग जाती है। यूजर्स इस क्लिप को अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह शख्श प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जला रहा था लेकिन वही आग से लिपट गया। आपको बता दें, हमने अपनी जांच में पाया कि यह वीडियो उत्तर प्रदेश की है और काफी पुरानी है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता ने अपने आप को आग लगाई थी।
क्या हो रहा है वायरल?
'बीएन पांडेय' नामक फेसबुक यूजर ने वायरल वीडियो अपने अकाउंट पर शेयर कर लिखा- Narendra Modi जी का पुतला जलाने आया था,अग्नि देव ने इसी को लपेट लिया।
क्या है वायरल वीडियो के पीछे की सच्चाई?
वायरल वीडियो की सच्चाई पता लगाने के लिए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट निकाल कर गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। ऐसा करने पर हमें आज तक की न्यूज रिपोर्ट मिली जहां इसी घटना के बारे में जानकारी दी गई थी। 10 मार्च 2022 को पब्लिश की गई रिपोर्ट में लिखा था कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे आ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेतृत्व वाला गठबंधन फिर से प्रचंड जीत के साथ सत्ता में वापसी करता दिख रहा है। बीजेपी गठबंधन की जीत से आहत विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) के एक कार्यकर्ता ने राजधानी लखनऊ में बीजेपी दफ्तर के बाहर आत्मदाह का प्रयास किया। सपा कार्यकर्ता को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रिपोर्ट में आगे लिखा है जानकारी के मुताबिक आत्मदाह का प्रयास करने वाला सपा कार्यकर्ता कानपुर नगर का निवासी है। कानपुर नगर के निवासी नरेंद्र सिंह उर्फ पिंटू ठाकुर ने यूपी चुनाव में सपा की हार के बाद बीजेपी दफ्तर के बाहर पहुंचकर खुद को आग लगा ली। सपा कार्यकर्ता पिंटू ठाकुर कानपुर नगर के सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के जगमोहन सिंह का पुत्र बताया जाता है।
Created On :   21 May 2025 3:20 PM IST