IND-PAK तनाव: 3,323 km लंबी भारत-पाकिस्तान सीमा पर हाई अलर्ट, जानें पड़ोसी मुल्क की सीमा से लगते हैं कितने राज्य और उनके जिले

- भारत-पाक के बीच 3,323 km लंबी रेखा
- भारत के 4 राज्य बॉर्डर से सटे
- बढ़ते तनाव के बीच बढ़ाई गई सुरक्षा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से तनातनी जारी है। यह तनाव 22 अप्रैल से शुरू हुआ जब जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ। दोनों देशों के बीच हालात किसी जंग से कम नहीं लग रहे हैं। पड़ोसी मुल्क लगातार भारत की सीमा में ड्रोन और मिसाइलें दाग रहा है। वहीं, भारतीय सेना भी जबरदस्त जवाबी कार्रवाई कर रही है। हालांकि, पड़ोसी मुल्क कायराना हरकत करने से बाज ही नहीं आ रहा है। उसने सीमा पार लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। सीमा से सटे राज्यों को हाई अलर्ट पर रख दिया गया है। ऐसे समय में कई लोगों के मन में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर को लेकर कई सवाल हैं। जैसे दोनों देशों के बीच कितनी लंबी सीमा है? कितने जिलों को इस युद्ध से सबसे ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है? तो चलिए जानते हैं भारत के ऐसे कौन से राज्य हैं जो भारत-पाक सीमा से सटे हुए हैं?
दोनों देशों के बीच कितनी लंबी सीमा?
भारत और पाकिस्तान को 3,323 किलोमीटर (2,065 मील) लंबी सीमा अलग करती है। भारत के चार राज्य इन बॉर्डर से लगे हुए हैं। इनमें जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात है। इन चार राज्यों में सेना सुपर अलर्ट मोड में है। ऐसा इसलिए क्योंकि यह राज्य पाकिस्तान से सबसे ज्यादा करीब हैं। पड़ोसी मुल्क को किसी भी तरह का हमला करने के लिए इन 4 राज्यों की सीमा पार करना ही पड़ता है। बीते दो-तीन दिनों से भारत की सीमा में जितने भी मिसाइल्स और ड्रोन्स दागे जा रहे हैं उनका सबसे ज्यादा असर इन्हीं राज्यों में पड़ रहा है। साथ ही, आतंकवादियों द्वारा घुसपैठ की भी कोशिश की जाती है। फिलहाल जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात में सेना एकदम चौकन्नी है। खास कर 4 राज्यों के उन जिलों में जो सीमा से एकदम करीब हैं।
1. जम्मू-कश्मीर
जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान को अलग करने वाली रेखा को नियंत्रण रेखा (LoC) के नाम से जाना जाता है। इसकी लंबाई 1,222 किलोमीटर है। जम्मू-कश्मीर के 7 जिले एलओसी से सटे हुए हैं जिनमें जम्मू, सांबा, कठुआ, पुंछ, राजौरी, बारामुला और कुपवाड़ा का नाम शामिल है। इन राज्यों में इस समय सेना एकदम अलर्ट है। जानकारी के मुताबिक, हाल ही में कई आतंकियों ने सांबा से घुसपैठ करने की कोशिश की जिनको सेना ने मौत के घाट उतार दिया।
एलओसी की स्थापना?
नियंत्रण रेखा को 2 जुलाई 1972 में हुए शिमला समझौते के तहत बनाया गया था। यह समझौता भारत की तत्काली प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति जुल्फिकार अली भुट्टो के बीच हिमाचल प्रदेश के शिमला में हुआ था। दरअसल, 1971 में भारत-पाकिस्तान के बीच भारी युद्ध हुआ था जिसमें पड़ोसी मुल्क को करारी हार का सामना करना पड़ा था। 93,000 से भी ज्यादा पाकिस्तानी सैनिकों ने इंडियन आर्मी के सामने सरेंडर किया था। इसके बाद ही यह समझौत हुआ।
2. राजस्थान
पाकिस्तान और पंजाब को रेडक्लिफ रेखा (Radcliffe Line) अलग करती है। यह बॉर्डर साल 1947 में निर्धारित की गई थी जब भारत का विभाजन हुआ था। 1070 किलोमीटर लंबी इस रेखा से राजस्थान के 4 जिले सटे हुए हैं। जिनके नाम बीकानेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर और बाड़मेर है।
राजस्थान के 4 जिले सीमा से सटे
श्रीगंगानगर, पाकिस्तान के साथ 210 किलोमीटर की सीमा साझा करता है।
बीकानेर और पाकिस्तान के बीच सीमा की लंबाई 168 किलोमीटर है।
जैसलमेर, पाकिस्तान के साथ 464 किलोमीटर की सीमा साझा करता है
पाकिस्तान और बाड़मेर को 228 किलोमीटर सीमा बांटती है।
राजस्थान की सुरक्षा के लिए उठाए कदम
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को हाई लेवल मीटिंग की। इस बैठक में राज्य की सुरक्षा को लेकर चर्चा हुई। सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गईं हैं। फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की संख्या भी बढ़ा दी गई है ताकि समय पड़ने पर कुछ कमी न रह जाए। कई जिलों के स्कूलों,कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को आगे के आदेश आने तक बंद कर दिया गया है। वहीं, जोधपुर और बीकानेर एयरपोर्ट से उड़ानें भी रद्द कर दी गईं हैं।
3. पंजाब
पंजाब और पाकिस्तान को अलग करने वाली अंतर्राष्ट्रीय सीमा (International Border) की लंबाई करीब 532 किलोमीटर है। पंजाब के 6 जिले सीमा से सटे हुए हैं। इन जिलों में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सीमा की सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है।
यह जिले पंजाब-पाक सीमा से सटे हैं-
पठानकोट
गुरदासपुर
अमृतसर
तरनतारन
फिरोजपुर
फाजिल्का
4. गुजरात
गुजरात और पाकिस्तान को अलग करने वाली सीमा का नाम अंतर्राष्ट्रीय सीमा (International Border) है। इसकी लंबाई लगभग 512 किलोमीटर है। हाल ही में पाकिस्तान की ओर से गुजरात की सीमा में ड्रोन अटैक हुए। हालांकि भारतीय सेना ने इसका करारा जवाब दिया। फिलहाल राज्य की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राज्य में सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गईं हैं। स्कूल-कॉलेजों में छुट्टियों की घोषणा की जा चुकी है। कई उड़ानें रद्द कर दी गईं हैं।
यह जिले गुजरात-पाक सीमा से सटे हैं-
कच्छ
बनासकांठा
Created On :   10 May 2025 5:51 PM IST