Cambodia-Thailand Ceasefire: कंबोडिया और थाईलैंड के बीच हुआ सीजफायर का ऐलान, दोनों देशों के बीच मलेशिया में हुई शांति वार्ता, चीन और यूएस ने की मध्यस्थता

- पुराने मंदिरों को लेकर थाईलैंड और कंबोडिया में शुरू हुई थी जंग
- लगभग 5 दिनों के संघर्ष के बाद सोमवार को हुआ सीजफायर का ऐलान
- कुआलालंपुर में दोनों देशों के बीच हुई शांति वार्ता
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कंबोडिया और थाईलैंड के बीच बीते पांच दिनों से जारी सीमा संघर्ष समाप्त हो गया है। कंबोडिया के पीएम हुन मानेट ने सोमवार को सीजफायर का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच तनाव को कम करने के लिए तुरंत जंग रोकने की उम्मीद है।
चीन और अमेरिका ने की मध्यस्थता
कंबोडिया और थाईलैंड के बीच सीजफायर में चीन और अमेरिका ने मध्यस्थता की है। आज मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में दोनों देशों के बीच शांति वार्ता हुई। इस मीटिंग में थाईलैंड के पीएम फुमथम वेचायाचाई और कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट शामिल हुए। वहीं अध्यक्षता मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने की। सीजफायर की घोषणा के बाद तीनों देशों के राष्ट्रध्यक्षों ने साथ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
बता दें कि मलेशिया इस समय दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन ASEAN की अध्यक्षता कर रहा है। उसने ही दोनों देशों को बातचीत की मेज पर बुलाया।
ट्रंप ने दी थी धमकी
इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने थाईलैंड-कंबोडिया जंग पर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संघर्ष को सुलझाना उनके लिए बेहद आसान है। क्योंकि उन्होंने पहले भी दो एशियाई मुल्क भारत और पाकिस्तान के बीच का विवाद भी सुलझाया है।
इसके साथ ही उन्होंने थाईलैंड और कंबोडिया को धमकी भी दी थी कि यदि दोनों ने जंग नहीं रोकी, तो अमेरिका उन दोनों के साथ व्यापारिक समझौता नहीं करेगा।
सीमा संघर्ष में 33 लोगों की हुई मौत
दोनों देशों के बीच हजार साल पुराने मंदिरों को लेकर 24 जुलाई से संघर्ष शुरू हुआ था। इसमें अब तक 33 लोगों की मौत हो चुकी है। कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, जंग में उसके 13 लोगों की मौत हुई है। इनमें 8 नागरिक और 5 सैनिक शामिल हैं। इसके अलावा 71 लोग घायल हुए हैं। वहीं, दूसरी तरफ थाईलैंड के भी 20 लोग मारे गए हैं। जिसमें 14 नागरिक और 6 सैनिक शामिल हैं।
Created On :   28 July 2025 6:39 PM IST