फायरिंग: अमेरिका में मिसौरी के कंसास शहर में फायरिंग,1 की मौत 22 घायल

अमेरिका में मिसौरी के कंसास शहर में फायरिंग,1 की मौत 22 घायल
  • चीफ्स की सुपर बाउल जीत के लिए परेड और रैली के बाद हुई घटना
  • यूनियन स्टेशन के पश्चिम में गैरेज के पास दिया अंजाम
  • तीन घायलों की हालत गंभीर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका में मिसौरी के कंसास शहर में फायरिंग की घटना हुई। गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 22 लोग घायल हो गए। पुलिस ने हमले के बाद तीन हथियारबंद लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घायल लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा।अग्निशमन विभाग ने जानकारी दी कि गोलीबारी चीफ्स की सुपर बाउल जीत के लिए परेड और रैली के बाद हुई थी। कंसास गवर्नर लौरा केली ने लोगों से पुलिस द्वारा दिए गए निर्देेशों का पालन करने का आग्रह किया है।

अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि तीन घायलों की हालत गंभीर है। खबरों के मुताबिक फायरिंग उस समय हुई जब चीफ्स के प्रशंसक यूनियन स्टेशन के पश्चिम में गैरेज के पास से गुजर रहे थे।

एक स्थानीय महिला ने मीडिया को जानकारी दी अचानक गोलीबारी की आवाज आने लगी थी, हम वहां से दौड़कर एक लिफ्ट में दरवाजे बंद करके छिप गए। डरे सहमे चुपचाप लिफ्ट में काफी देर तक छिपे रहे। सुरक्षित निकलने की सोच रहे थे। थोड़ी देर बाद अधिकारियों की ओर से लिफ्ट हिलने की आवाज सुनाई दी। हमने लिफ्ट का दरवाजे खोला तो बाहर अधिकारी थे। उन्होंने हमें सुरक्षित बाहर निकाला।

कंसास के अलावा, अमेरिका के अटलांटा हाईस्कूल की पार्किंग में भी गोलीबारी की घटना होने की खबर है। स्कूल में चार बच्चों को गोली मार दी गई। अटलांटा पब्लिक स्कूल ने बुधवार को बताया कि बेंजामिन ई. मेस हाईस्कूल की छुट्टी होने के दौरान एक अज्ञात वाहन ने स्कूली छात्रों पर फायरिंग की। गोलीबारी में छात्र घायल हो गए है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब तक फायरिंग के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Created On :   15 Feb 2024 3:43 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story