बंगलूरू में बोले यूएस के राजदूत: अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर भारतीय एस्ट्रोनॉट्स को उन्नत प्रशिक्षण प्रदान करेगा नासा

अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर भारतीय एस्ट्रोनॉट्स को उन्नत प्रशिक्षण प्रदान करेगा नासा
  • नासा-इसरो मिलकर लॉन्च करेंगे उपग्रह
  • प्रगति से काफी खुश हूं: सोमनाथ
  • 2028 तक भारतीय अंतरराष्ट्रीय स्टेशन स्थापित करना चाहता है भारत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत आए अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने बेंगलूरू में कहा नासा जल्द ही भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को इस साल या फिर अगले साल की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर एक संयुक्त मिशन भेजने के लिए उन्नत प्रशिक्षण प्रदान करेगा। आपको बता दें गार्सेटी हाल ही में बेंगलूरू में आयोजित यूएस-इंडिया कमर्शियल स्पेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए थे। कार्यक्रम यूएस-इंडिया बिजनेस काउंसिल (यूएसआईबीसी) और यूएस कमर्शियल सर्विस (यूएससीएस) द्वारा आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम को इसरो चीफ एस सोमनाथ ने भी संबोधित किया। इसरो अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे समझौते के लिए मुझे भारत और अमेरिका के दूरदर्शी नेताओं की सोच को सलाम करना चाहिए। सोमनाथ ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच अंतरिक्ष में रिश्ते मजबूत हो रहे हैं। मैं इस प्रोग्रेस से काफी खुश हूं। इसरो प्रमुख ने कहा कि संस्था, मौजूदा लॉन्चर क्षमता का इस्तेमाल कर, पहला 'भारतीय अंतरराष्ट्रीय स्टेशन' 2028 तक स्थापित करना चाहती है। पहला भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने में सफलता के बाद हम इसे आपके (अंतरिक्ष वैज्ञानिक) आने और प्रयोग करने के लिए एक प्रयोगशाला के रूप में भी विकसित करना चाहेंगे। इसरो चीफ ने कहा कि आने वाले दिनों में भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन से बहुत लाभ मिलेगा। इससे आर्थिक परिणाम भी हासिल किए जा सकेंगे।

गार्सेटी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नासा जल्द ही भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को उन्नत प्रशिक्षण प्रदान करेगा। यह दोनों देशों के बीच हुए वादों में से एक है। उन्होंने कहा कि हम जल्द ही इकोसिस्टम, पृथ्वी की सतह, प्राकृतिक खतरों, समुद्र के स्तर में वृद्धि और क्रायोस्फीयर सहित सभी संसाधनों की निगरानी के लिए इसरो के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से एनआईएसएआर सैटेलाइट लॉन्च करेंगे। एनआईएसएआर नासा और इसरो के बीच एक संयुक्त पृथ्वी-अवलोकन मिशन है।

यूएसआईबीसी के प्रबंध निदेशक अलेक्जेंडर स्लेटर ने कहा कि कार्यक्रम नवाचारों को बढ़ावा देने और अंतरिक्ष उद्योग को आगे बढ़ाने के लिए रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देने के महत्व को रेखांकित करता है।

Created On :   25 May 2024 10:21 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story