Coronavirus in world: दुनिया में अब तक 71.45 से ज्यादा मरीज, सिर्फ 5 देशों में कोविड-19 के आधे से ज्यादा मामले

Coronavirus in world: दुनिया में अब तक 71.45 से ज्यादा मरीज, सिर्फ 5 देशों में कोविड-19 के आधे से ज्यादा मामले

डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। दुनियाभर में कोरोना वायरस का कहर जारी है। दुनियाभर में कोरोना संक्रमण के जितने मामले अभी तक दर्ज किए गए हैं, उनमें आधे से ज्यादा मामले कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित पांच देशों के हैं। जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के अनुसार कोरोना संक्रमण के मामले 71 लाख पार कर चुके हैं। अमरीका कोरोना से प्रभावित देशों की सूची में सबसे ऊपर बना हुआ है। अमे​रिका में संक्रमितों की संख्या 20,13,653 हो गई है। 6,93,953 लाख मामलों के साथ ब्राजील इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर है। वहीं रूस में 4,76,658, स्पेन में 2,88,630 मामलों के बाद ब्रिटेन 2,87,399 संक्रमित मरीजों के साथ इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर है।

इन देशों में कोरोना टेस्टिंग के पैमाने अलग-अलग हैं। हाल के हफ्तों में अमरीका में टेस्टिंग की सुविधा का विस्तार किया गया है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि ब्राजील और भारत में टेस्टिंग बहुत छोटे पैमाने पर की जा रही है। उनका कहना है कि यहां संक्रमण की जो स्थिति बताई जा रही है, हालात उससे भी खराब हो सकते हैं, लेकिन इसमें अलग-अलग जनसंख्या का मामला भी है। अमरीका में 33 करोड़ लोग हैं जबकि भारत में 130 करोड़ लोग हैं।

www.worldometers.info के अनुसार सोमवार रात 10.30 बजे तक दुनियाभर में अब तक 71 लाख 46 हजार 119 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 4 लाख 07 हजार 408 लोगों की मौत हो चुकी है और 34 लाख 85 हजार 693 लोग स्वस्थ हुए हैं। वहीं 32 लाख 52 हजार 787 लोग अस्पतालों में संक्रमण से जूझ रहे हैं। इनमें से 53 हजार 823 लोगों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश

देश

संक्रमित मौतें ठीक हुए
अमेरिका 20,13,653 1,12,576 7,61,736
ब्राजील 6,93,953 36,499  3,02,084
रूस  4,76,658  5,971 2,30,688
स्पेन  2,88,630 27,136 उपलब्ध नहीं
ब्रिटेन  2,87,399 40,542 उपलब्ध नहीं
भारत 2,58,090 7,207 1,24,095
इटली 2,34,998 33,899 1,65,837
पेरू 1,96,515  5,465  86,219    
जर्मनी 1,85,869 8,776 1,69,100
ईरान 1,71,789 8,281 1,34,349

तंजानिया: कोरोना मुक्त घोषित

तंजानिया के राष्ट्रपति जॉन मागुफुली ने देश को कोरोना मुक्त घोषित कर दिया है। इसकी घोषणा करते हुए उन्होंने भगवान को धन्यवाद दिया। 29 अप्रैल के बाद से यहां संक्रमण और मौतों के आंकड़ों की जानकारी नहीं दी जा रही थी। उस समय देश में 509 केस थे, जबकि 21 मौतें हुई थीं।पपछले हफ्ते राष्ट्रपति ने कहा था कि देश के सबसे बड़े शहर दार-ए-सलाम में अस्पताल में केवल चार लोग ही भर्ती हैं।

पाकिस्तान: अब्बासी और राशिद संक्रमित
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री शाहिद खकान अब्बासी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनकी पार्टी पाकिस्तान मुसलिम लीग-एन (पीएमएलएन) की प्रवक्ता मरियम औरंगजेब ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अब्बासी अपने घर में क्वारैंटाइन हो गए हैं। पार्टी की अध्यक्ष और पाकिस्तान की नेशनल एसेम्बली में विपक्ष के नेता शहबाज शरीफ ने अब्बासी के संक्रमित मिलने पर दुख जाहिर किया। उन्होंने कहा कि अब्बासी देश की संपत्ति हैं, हमें उम्मीद है कि वे जल्द ठीक होंगे। रेल मंत्री शेख राशिद भी पॉजिटिव पाए गए हैं। वह भी अपने घर में क्वारैंटाइन किए गए हैं। 

न्यूजीलैंड में 22 मई के बाद संक्रमण का कोई केस नहीं
न्यूजीलैंड की हेल्थ मिनिस्ट्री ने सोमवार को बताया कि देश में 22 मई के बाद संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया। बयान के मुताबिक- देश अब संक्रमण से मुक्त हो चुका है। प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने भी मीडिया से बातचीत की। कहा- देश में अब कोई एक्टिव केस नहीं है। हम बाकी पाबंदियां भी हटाने जा रहे हैं। यह बहुत बड़ी कामयाबी है। देश के लोगों का शुक्रिया। बता दें कि संक्रमण शुरू होते ही न्यूजीलैंड सरकार ने 75 दिन का सख्त लॉकडाउन लागू किया था। हालांकि, देश की सीमाएं अब भी नहीं खोली जाएंगी। न्यूजीलैंड में कुल 1154 मामले सामने आए थे। 22 लोगों की मौत हुई थी। आंकड़ों के मुताबिक, यहां कुल 2 लाख 94 हजार 800 टेस्ट किए गए थे। यहां सोशल डिस्टेंसिंग भी खत्म की जाएगी। हालांकि, इस बारे में आधिकारिक तौर पर हेल्थ मिनिस्ट्री ने फिलहाल कुछ नहीं कहा है।
 

 

Created On :   8 Jun 2020 5:57 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story