मिसाइल स्ट्राइक के जरिए रूस ने 600 यूक्रेनी सैनिक मार गिराने का किया दावा, यूक्रेन का पलटवार- रूस के दावे को बताया बेबुनियाद

रूस यूक्रेन युद्ध मिसाइल स्ट्राइक के जरिए रूस ने 600 यूक्रेनी सैनिक मार गिराने का किया दावा, यूक्रेन का पलटवार- रूस के दावे को बताया बेबुनियाद
हाईलाइट
  • युक्रेन ने युद्ध विराम को रूस की चाल बताया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग को एक साल बीतने को है, लेकिन दोनों में से कोई भी देश पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। इस बीच रूस ने दावा किया है कि उसने यूक्रेन के सैकड़ों सैनिकों को मिसाइल के जरिए मार गिराया है। लेकिन यूक्रेन ने इसे महज एक प्रोपेगैंडा बताया है। हालांकि अभी तक रूस ने भी इसे लेकर कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया है।

मॉस्को की ओर से यह दावा किया गया है कि रूसी सैनिकों ने क्रेमाटोस्क में मौजूद 600 यूक्रेनी सैनिकों को मिसाइल स्ट्राइक के जरिए मार गिराया है। रूस का कहना है कि यह हमला यूक्रेन की ओर से किए गए हमले का जवाब है। रूसी विदेश मंत्रालय ने बताया कि, दो इमारतों पर किए गए हमलों में 600 से अधिक यूक्रेनी सैनिक मारे गए हैं। हमले के दौरान इन दोनों बिल्डिंगों में 1300 से अधिक यूक्रेनी सैनिक मौजूद थे। 

बीबीसी से बात करते हुए यूक्रेन सेना के प्रवक्ता ने रूस के दावे को झूठ बताया है। प्रवक्ता ने बताया कि, यह केवल रूसी प्रोपेगैंडा का एक हिस्सा है। वहीं रूस का मानना है कि उसने माकीवका में 89 सैनिकों की हत्या का बदला लिया है। इस मामले में यूक्रेन का कहना है कि उस हमले में 400 लोग मारे गए  और कई लोग फिर घायल हुए थे।

जेलेंस्की ने जताया अभार

न्यूज एजेंसी के मुताबिक, अमेरिका की ओर से किए गए सैन्य सहायता पैकेज के लिए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अभार जताया। बता दें इन सैन्य सहायता पैकेज में अमेरिका ने यूक्रेन को टैंक ध्वस्त करने वाली कई बख्तरबंद गाड़ियां दी हैं। जिसके बाद जेलेंस्की ने अमेरिका की तारीफ करते हुए कहा कि इस वक्त रूस के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए यूक्रेनी सैनिकों को इसकी काफी ज्यादा जरूरत है। इसके अलावा युक्रेन ने युद्ध विराम को रूस की चाल बताया है। 

Created On :   9 Jan 2023 12:10 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story