शिया मस्जिद पर फिदायीन हमला, 100 की मौत

Suicidal attack on Shia mosque in Afghanistan, 100 killed
शिया मस्जिद पर फिदायीन हमला, 100 की मौत
तालिबान राज में नमाज के बीच ब्लास्ट शिया मस्जिद पर फिदायीन हमला, 100 की मौत

डिजिटल डेस्क, काबुल। अफगानिस्तान के कुंदुज प्रांत में जुमे की नमाज के दौरान शिया मस्जिद में बड़ा धमाका हुआ। अभी तक 100 लोगों के मरने की खबर हैं और कई घायल हैं। अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद यह देश में सबसे बड़ा हमला है। तालिबान सरकार के सूचना और संस्कृति मंत्रालय के उप मंत्री जबीउल्लाह मुजाहिद ने घटना की पुष्टि की हैं और उन्होंने कहा कि, "आज दोपहर राजधानी कुंदुज के खानाबाद बांदर इलाके में, हमारे शिया नागरिकों की एक मस्जिद को निशाना बनाया गया, जिसमें हमारे कई हमवतन मारे गए हैं और घायल हो गए हैं। कुंदुज सेंट्रल अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि अब तक उन्हें हॉस्पिटल में 35 शव मिले हैं और 50 से ज्यादा घायल भर्ती हुए हैं। 

हमले के वक्त मस्जिद में मौजूद थे करीब 300 लोग 

सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि हमले के वक्त मस्जिद में करीब 300 लोग थे। ये लोग जुमे की नमाज पढ़ने आए थे। वहां पर मौजूद लोगों ने बताया कि नमाज अदा करने के दौरान ही उन्हें विस्फोट की आवाज सुनाई दी जिससे घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

हमले के पीछे आईएसआईएस-खुरासान गुट का हाथ होने की आशंका

इस हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी भी आतंकवादी संगठन ने नहीं ली है। हालांकि, इसके पीछे ISIS-खुरासान गुट हाथ होने की आशंका जताई जा रही हैं। तालिबान के प्रतिद्वंद्वी गुटों का हाल के दिनों में इस तरह के हमलों के पीछे हाथ रहा है। ISIS पहले से ही शिया मुस्लिमों का विरोध करता रहा है। साथ ही वह हजारा और दूसरे अल्पसंख्यक मुस्लिम समुदायों का भी विरोधी है।

इस हफ्ते में दूसरा धमाका

बीते रविवार को काबुल की ईदगाह मस्जिद के नजदीक भी बम धमाका हुआ था, इसमें 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए। स्थानीय इस्लामिक स्टेट (आईएस) समूह सहित सुन्नी मुस्लिम चरमपंथियों की ओर से अक्सर शिया समुदाय को निशाना बनाया जाता रहा है, क्योंकि वे उन्हें विधर्मी मानते हैं। आईएस का अफगान क्षेत्रीय सहयोगी आईएस-के, जो तालिबान का हिंसक रूप से विरोध करता है, ने हाल ही में देश के पूर्वी हिस्से में कई बम विस्फोट किए हैं। 

Created On :   8 Oct 2021 6:32 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story