तीन और प्रांतीय राजधानियों पर तालिबान का कब्जा, एक स्थानीय सेना मुख्यालय पर भी नियंत्रण

Three more provincial capitals fall to Taliban
तीन और प्रांतीय राजधानियों पर तालिबान का कब्जा, एक स्थानीय सेना मुख्यालय पर भी नियंत्रण
अफगानिस्तान तीन और प्रांतीय राजधानियों पर तालिबान का कब्जा, एक स्थानीय सेना मुख्यालय पर भी नियंत्रण
हाईलाइट
  • अब देश के कुछ दो-तिहाई हिस्से पर तालिबान का नियंत्रण
  • तालिबान ने तीन और प्रांतीय राजधानियों पर किया कब्‍जा
  • भीषण लड़ाई में अफगान बलों ने मार गिराए 439 आतंकी

डिजिटल डेस्क, काबुल। तालिबान ने अफगानिस्तान में तीन और प्रांतीय राजधानियों और देश के उत्तर-पूर्व में एक स्थानीय सेना मुख्यालय पर कब्जा कर लिया है। शुक्रवार से अब तक तालिबान ने अफगानिस्तान में पांच प्रांतीय राजधानियों को कब्जे में लिया है। अब देश के कुछ दो-तिहाई हिस्से पर तालिबान का नियंत्रण हो गया है। तालिबान के तेजी से बढ़ते कदमों से आशंकाएं पैदा हो गई हैं कि अफगान सरकार कब तक अपने इलाकों पर नियंत्रण बनाए रख पाएगी। 
 
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक तालिबान ने बदख्शां, बगलान और फराह प्रांतों की राजधानियों को अपने कब्जे में किया है। कुंदुज में भी बड़ा बेस सरकार के हाथ से निकल गया है। तालिबान ने एक बयान में कहा कि उसने पुलिस मुख्यालय, गवर्नर कंपाउंड और रणनीतिक पूर्वोत्तर शहर कुंदुज में जेल पर कब्जा कर लिया है। स्थानीय नेताओं ने पुष्टि की है कि तालिबानी लड़ाके राजधानी में हैं। कुंदुज में स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया है कि महिलाओं और बच्चों समेत 14 शवों और 30 घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।

पश्चिमी प्रांत फराह के एक लॉमेकर हुमायूं शाहिदजादा ने बुधवार को एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि उनके प्रांत की राजधानी पर तालिबान का कब्जा हो गया है। वहीं बदख्शां के एक लॉमेकर हुजतुल्लाह खेरदमंद ने कहा कि तालिबान ने उनके प्रांत की राजधानी फैजाबाद पर कब्जा कर लिया है। तालिबानियों ने इससे पहले एक सप्ताह से भी कम समय में देश की छह अन्य प्रांतीय राजधानियों पर कब्जा कर लिया था, जिसमें कुंदुज प्रांत का कुंदुज भी शामिल था। कुंदुज़ में एक प्रांतीय परिषद सदस्य गुलाम रबानी के अनुसार, बुधवार को कुंदुज एयरपोर्ट पर अफगान नेशनल आर्मी की 217वीं कोर का मुख्यालय तालिबान के हाथों में आ गया। 

इस बीच अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी बुधवार को बल्ख प्रांत के मजार-ए-शरीफ शहर पहुंचे और सुरक्षा बलों का हौसला बढ़ाया। बीते 24 घंटे में अफगान सुरक्षा बलों ने 439 तालिबान आतंकियों को मारा है। अफगानिस्‍तान के रक्षा मंत्रालय ने ट्वीट कर बताया कि बीत 24 घंटों के दौरान नंगरहार, लगमन, लोगर, पक्तिया, उरुजगन, ज़ाबुल, घोर, फराह, बल्ख, हेलमंद कपिसा और बगलान प्रांतों में भीषण लड़ाई में इन आतंकियों को मार गिराया गया है। कंधार प्रांत में एयर स्‍ट्राइक में 25 आतंकियों को मार गिराया गया।

Created On :   11 Aug 2021 11:59 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story