Yoshihide Suga: जापान के नए प्रधानमंत्री बने योशिहिदे सुगा, करीब 8 साल बाद नया नेता बना पीएम

Yoshihide Suga: जापान के नए प्रधानमंत्री बने योशिहिदे सुगा, करीब 8 साल बाद नया नेता बना पीएम
हाईलाइट
  • करीब आठ साल बाद नया नेता बना पीएम
  • जापान के नए प्रधानमंत्री बने योशिहिदे सुगा

डिजिटल डेस्क, टोक्यो। योशोहिदे सुगा जापान के नए प्रधानमंत्री बन गए हैं। करीब आठ साल बाद प्रधानमंत्री पद के लिए जापानी संसद ने कोई नया नेता चुना है। एक किसान के बेटे सुगा ने खुद से राजनीति में अपने लिए राह बनाई है। 71 वर्षीय सुगा ने शिंजो आबे का स्थान लिया है। आबे ने खराब स्वास्थ्य के कारण अपने पद से स्तीफा दे दिया था। सुगा जापान के 99 वें प्रधानमंत्री हैं। उन्हें संसदीय सत्र बुलाकर प्रधानमंत्री चुना गया।

यह राजनीतिक परिवर्तन आबे शिंजो की पिछले महीने की गई उस आश्चर्यजनक घोषणा के बाद हुआ है, जिसमें उन्होंने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। सुगा ने मुख्य सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के नेता के तौर पर जीत हासिल की।

जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव योशिहिदे सुगा को सोमवार को सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) का नया नेता चुना गया। 28 अगस्त को जापान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे आबे ने अपनी पुरानी बीमारी का हवाला देते हुए इस्तीफा देने की घोषणा की थी।

सुगा को सबसे लंबे समय तक जापान की सेवा करने वाली सरकार की आवाज के रूप में जाना जाता है। उन्होंने 7 साल से ज्यादा समय तक आबे के मुख्य कैबिनेट सचिव के रूप में काम किया। सुगा अब इंपीरियल पैलेस में एक समारोह के औपचारिक उद्घाटन से पहले अपने नए मंत्रिमंडल के सदस्यों की घोषणा करेंगे। 71 वर्ष की आयु में सुगा 1991 में किची मियाजावा के बाद यह पद संभालने वाले सबसे उम्रदराज प्रधानमंत्री होंगे। उनका कार्यकाल आबे के सितंबर 2021 तक के कार्यकाल तक रहेगा।

सुगा ने कहा, वह आबे की नीतियों को आगे बढ़ाना जारी रखेंगे, जिसमें आक्रामक मौद्रिक सहजता, राजकोषीय प्रोत्साहन और संरचनात्मक सुधारों के आबेनॉमिक्स शामिल हैं। ये प्रयास मंदी से प्रभावित जापानी अर्थव्यवस्था को पुर्नजीवित करने के लिए हैं। इसके अलावा कोविड महामारी से निपटने के लिए आवंटित किए गए 230 ट्रिलियन येन (2.2 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर) पैकेज का उपयोग भी करते रहेंगे।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, सुगा को डायट (संसद) के दोनों सदनों से पार्टी सदस्यों और स्थानीय प्रतिनिधियों की एक संयुक्त बैठक में चुना गया। बैठक में मौजूद 394 डायट सदस्यों ने वोट डाला। देश के 47 प्रीफेक्चरल चैप्टर में से प्रत्येक के तीन प्रतिनिधियों द्वारा कुल 141 वोट दिए गए।

सुगा के अलावा, दो अन्य उम्मीदवारों में पूर्व रक्षा मंत्री शीगेरू इशिबा (63) और एलडीपी के नीति प्रमुख फुमियो किशिदा (63) थे। सामान्य परिस्थितियों में एलडीपी के शीर्ष नेता को पार्टी से संबंधित डायट सदस्यों और रैंक-फाइल सदस्यों द्वारा चुना जाता है। हालांकि, कोरोना महामारी और आबे के कार्यकाल के बीच इस्तीफा देने के कारण एलडीपी ने प्रक्रिया को सरल बनाने का फैसला किया।

 

 

 

 

Created On :   16 Sep 2020 5:27 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story