Russia–Ukraine War: रूस का आरोप- पुतिन के हेलीकॉप्टर पर यूक्रेन ने किया ड्रोन हमला, सीजफायर का दबाव, लेकिन हमले तेज

- पुतिन के हेलीकॉप्टर पर यूक्रेन ने किया ड्रोन हमला
- रूस ने यूक्रेन पर लगाया बड़ा आरोप
- सीजफायर का दबाव, लेकिन हमले तेज
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस ने रविवार (25 मई 2025) को यूक्रेन पर गंभीर आरोप लगाया है। रूसी पक्ष का दावा है कि यूक्रेन ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के हेलीकॉप्टर पर ड्रोन हमला किया। यह घटना कथित तौर पर इस हफ्ते कुर्स्क दौरे के दौरान हुई, जब पुतिन का हेलीकॉप्टर ड्रोन हमले की चपेट में आया। हालांकि, रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने पुतिन की सुरक्षा सुनिश्चित की, और हेलीकॉप्टर सुरक्षित रहा।
यूक्रेन पर रूस का अब तक का सबसे बड़ा हमला
रूस-यूक्रेन युद्ध में तनाव चरम पर है। शनिवार (24 मई 2025) की रात रूस ने यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन और मिसाइल हमला किया। यह हमला ऐसे समय में हुआ, जब एक दिन पहले दोनों देशों के बीच कैदियों की अदला-बदली हुई थी। रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव सहित कई इलाकों को निशाना बनाया। ओडेशा बंदरगाह पर यूक्रेन के एक जहाज को रूसी मिसाइल ने डुबो दिया, जिसके बारे में रूस का दावा है कि उसमें गोला-बारूद भरा था।
12 लोगों की मौत, दर्जनों घायल
यूक्रेन के अधिकारियों के अनुसार, रूस के इस हवाई हमले में कम से कम 12 लोग मारे गए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। दर्जनों लोग घायल हुए हैं। कीव और अन्य इलाकों में मिसाइलों और ड्रोन्स से हुए हमलों ने भारी तबाही मचाई है।
पुतिन पर सीजफायर का दबाव, लेकिन हमले तेज
राष्ट्रपति पुतिन पर युद्धविराम के लिए अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित कई देश रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने की कोशिश कर रहे हैं। पुतिन पहले दो बार मानवीय आधार पर सीजफायर कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद रूस ने हमलों की तीव्रता बढ़ा दी है। शनिवार का हमला इस बात का सबूत है कि रूस अभी भी आक्रामक रुख अपनाए हुए है।
क्या होगा आगे?
रूस और यूक्रेन के बीच तनाव और युद्धविराम की उम्मीदें एक बार फिर धूमिल हो रही हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर इस बात पर है कि क्या पुतिन सीजफायर के लिए तैयार होंगे या युद्ध और तेज होगा।
Created On :   25 May 2025 10:55 PM IST