Russia-Ukraine war: सीजफायर और जंग के खात्मे के लिए जल्द ही बात करेंगे रूस और यूक्रेन, पुतिन से बात करने के बाद बोले ट्रंप

- यूक्रेन और रूस के बीच तीन साल से जारी है जंग
- ट्रंप ने पुतिन से दो घंटे फोन पर की बात
- दोनों मुल्कों के सीजफायर पर बात करने को राजी होने का किया दावा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच तीन साल से ज्यादा समय से जंग जारी है। इस बीच सोमवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि दोनों मुल्कों के बीच सीजफायर को लेकर उनकी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से दो घंटे फोन पर बात हुई है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि उनकी पुतिन से बातचीत सकारात्मक रही। उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन जल्द ही सीजफायर पर बात करेंगे। इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया कि सीजफायर और युद्ध की समाप्ति के लिए जो भी शर्तें होंगी वो दोनों पक्षों के बीच बातचीत से तय की जाएगी।
इसके साथ ही ट्रंप ने युद्ध की समाप्ति के बाद रूस के साथ बड़ी मात्रा में व्यापार करने की इच्छा जाहिर की। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, "यह रूस के लिए बहुत बड़ी मात्रा में नौकरियां और संपत्ति बनाने का एक जबरदस्त अवसर है। इसी तरह यूक्रेन अपने देश के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया में अमेरिका के साथ व्यापार कर इसका फायदा उठा सकता है।"
उन्होंने यह भी कहा कि पुतिन से बातचीत के बाद उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की, यूरोपियन यूनियन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज और फिनलैंड के के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब को भी इस बारे में सूचना दी। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि वेटिकन देश दोनों मुल्कों के बीच होने वाली बातचीत की मेजबानी कर सकता है।
इससे पहले रविवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन कहा था कि उनका देश बगैर परमाणु हथियारों के इस्तेमाल के युद्ध जीतने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा, "हमें यह गलती (परमाणु हथियारों का इस्तेमाल) करने के लिए मजबूर करने के कई प्रयास किए गए, लेकिन हमारे पास इस विकल्प के बिना भी उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए पर्याप्त बल है।
पुतिन ने कहा, 'इसका उद्देश्य इस संकट के मूल कारणों को समाप्त करना, दीर्घकालिक और स्थायी शांति के लिए परिस्थितियां बनाना और रूस को सुरक्षा प्रदान करना है। पुतिन के अनुसार रूस ने बार-बार यूक्रेन संघर्ष को हल करने का आह्वान किया है और संकट के मूल कारणों का समाधान करने पर जोर दिया।'
Created On :   20 May 2025 2:51 AM IST