Iran–Israel Tensions: मिडिल ईस्ट में तनाव जारी, अमेरिका की एंट्री से भड़के ईरान के विदेश मंत्री, दी कड़ी चेतावनी

- मिडिल ईस्ट में तनाव जारी
- अमेरिका की एंट्री से भड़का ईरान
- ईरान के विदेश मंत्री ने दी कड़ी चेतावनी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में इजरायल और ईरान के बीच चल रही जंग में अमेरिका की एंट्री ने तनाव को और बढ़ा दिया है। रविवार (22 जून 2025) तड़के अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर हमला किया, जिसके बाद ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका को कड़ा जवाब देने की चेतावनी दी है।
क्या ईरान देगा अमेरिकी ठिकानों पर जवाबी हमला?
जब अराघची से पूछा गया कि क्या ईरान अमेरिकी ठिकानों पर हमला करेगा या स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करेगा, तो उन्होंने साफ कहा, "हमारे पास कई विकल्प हैं।" रॉयटर्स के हवाले से उन्होंने कहा, "पश्चिमी देशों पर अब कोई भरोसा नहीं रहा।"
"हमारी प्रतिक्रिया का इंतजार करें"- ईरान
अराघची ने कहा, "पहले हमारी जवाबी कार्रवाई का इंतजार करें। हमले खत्म होने के बाद हम तय करेंगे कि कूटनीति से कैसे आगे बढ़ना है।" उन्होंने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा, "हमारे परमाणु ठिकानों पर हमलों की पूरी जिम्मेदारी अमेरिका की है। कोई लक्ष्मण रेखा नहीं बची, जिसे अमेरिका ने पार न किया हो।"
रूस के साथ ईरान की बैठक
ईरान के विदेश मंत्री ने बताया कि वह रविवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात के लिए मॉस्को जाएंगे। उन्होंने कहा, "रूस हमारा मित्र है। सोमवार (23 जून 2025) को हम पुतिन से मुलाकात करेंगे।"
"हमें जवाब देना होगा"- अराघची
उन्होंने कहा, "कूटनीति का रास्ता हमेशा खुला रहना चाहिए, लेकिन अभी हालात इसके अनुकूल नहीं हैं। मेरे देश पर हमला हुआ है, हमें आत्मरक्षा में जवाब देना होगा।" रूस की सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने टेलीग्राम पर लिखा, "शांति निर्माता के तौर पर आए ट्रंप ने अमेरिका को नए युद्ध में झोंक दिया।"
Created On :   22 Jun 2025 7:22 PM IST