Fort Stewart shooting: अमेरिका के जर्जिया में आर्मी बेस में दिन दहाड़े फायरिंग, 5 सैनिकों को लगी गोली

अमेरिका के जर्जिया में आर्मी बेस में दिन दहाड़े फायरिंग, 5 सैनिकों को लगी गोली
  • जर्जिया के आर्मी बेस केंप में हुई गोलीबारी
  • हमलावर ने 5 सैनिकों को गोली मारी
  • घटना की जांच में जुटे सुरक्षाबल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के पूर्वी जॉर्जिया स्थित फोर्ट स्टीवर्ट आर्मी बेस में बुधवार को दिन दहाड़े फायरिंग हुई। इस घटना में 5 सैनिक गोली लगने की वजह से घायल हो गए। हमला आर्मी बेस के दूसरे बख्तरबंद ब्रिगेड कॉम्बैट टीम इलाके में हुआ। यूएस आर्मी का कहना है कि इस हमले को एक सक्रिय शूटर ने अंजाम दिया है।

फोर्ट स्टीवर्ट के आधिकारिक फेसबुक पेज पर दी गई जानकारी के मुताबिक, फायरिंग के तुरंत बाद कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने हमलावर को पकड़ लिया है और अब परिसर या आस-पास के इलाके में कोई सक्रिय खतरा नहीं है। घायलों को मौके पर प्राथमिक इलाज दिया गया। इसके बाद उन्हें विन्न आर्मी कम्युनिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद आर्मी बेस को स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे के बाद एहतियातन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। एफबीआई का सवाना कार्यालय, सेना के आपराधिक जांच विभाग (CID) के साथ मिलकर मामले की जांच में जुटा है।

व्हाइट हाउस ने बयान जारी किया

व्हाइट हाउस ने इस घटना पर बयान जारी करते हुए कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस घटना की जानकारी दे दी गई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

घटना पर दुख जताते हुए जॉर्जिया के गवर्नर ब्रायन केम्प ने कहा, "हम स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के निरंतर संपर्क में हैं। मार्टी, हमारी बेटियां और मैं फोर्ट स्टीवर्ट में हुई इस त्रासदी से गहरे आहत हैं।"

जांच जुटे सुरक्षाबल

फिलहाल शूटर की पहचान और हमले की पीछे उसकी क्या मंशा थी, इसको लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सर्च आपरेशन जारी है। फोर्ट स्टीवर्ट अमेरिका के सबसे बड़े सैन्य ठिकानों में से एक है। यहां बड़ी संख्या में सैनिक तैनात रहते हैं। इस घटना के बाद सेना की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल पैदा हो गया है।

Created On :   7 Aug 2025 4:35 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story