Trump Tariff Controversy: भारत के रूस से तेल खरीदने पर भड़के ट्रंप, दी भारी टैरिफ लगाने की धमकी, बोले - 'ऑयल डील से कमा रहे मुनाफा...'

भारत के रूस से तेल खरीदने पर भड़के ट्रंप, दी भारी टैरिफ लगाने की धमकी, बोले - ऑयल डील से कमा रहे मुनाफा...
  • फिर गहराया अमेरिका-भारत टैरिफ विवाद
  • रूस से भारत के बढ़ते व्यापारिक रिश्तों को लेकर भड़के ट्रंप
  • भारत पर रूस से तेल खरीदने और उसे बड़े मुनाफे पर बेचने का लगाया आरोप

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के साथ रूस की बढ़ती दोस्ती अमेरिका को फूटी आंख नहीं सुहा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को भारत को टैरिफ बढ़ाने की धमकी दी है। ट्रंप ने भारत पर रूस से तेल खरीदने और उसे बड़े मुनाफे पर बेचने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भारत न केवल रूस से तेल खरीद रहा है बल्कि उसे खुले बाजार में बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "भारत को इस बात की कोई परवाह नहीं है कि यूक्रेन में रूस की युद्ध मशीन कितने लोगों की जान ले रही है। इसी वजह से मैं भारत से अमेरिका को दिए जाने वाले शुल्क को काफी बढ़ाने जा रहा हूं।"

पिछले हफ्ते लगाया था 25 फीसदी टैरिफ

बीते सप्ताह ट्रंप ने भारतीय से आयात होने वाले सामान पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का ऐलान किया था। अमेरिका की तरफ से जारी आदेश के मुताबिक भारत पर 25 फीसदी शुल्क लगाने का ऐलान किया था। हालांकि रूस से सैन्य उपकरण और ऊर्जा खरीद को लेकर घोषित अतिरिक्त जुर्माने का इस आदेश में जिक्र नहीं है। वहीं अमेरिकी टैरिफ के जवाब में भारत की ओर से कहा गया कि देशहित में हर संभव कार्रवाई की जाएगी। उधर संसद के मानसून सत्र के दौरान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में बताया कि यूएस से बात 10 से 15 फीसदी टैरिफ को लेकर हुई है।

रूस की मदद कर रहा भारत

बीते दिनों अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा था कि भारत जो रूस से तेल खरीद रहा है उससे मॉस्को को यूक्रेन युद्ध में सहायता मिल रही है। उन्होंने बताया था कि अमेरिका भारत से इसलिए नाराज है क्योंकि जब तेल खरीदने के इतने विकल्प मौजूद हैं तो भारत रूस से क्यों तेल खरीद रहा है।

वहीं, भारतीय विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा, 'भारत और अमेरिका की साझेदारी समय-समय पर कई बदलावों और चुनौतियों से गुजरी है। हम अपनी द्विपक्षीय प्रतिबद्धताओं पर केंद्रित हैं और हमें विश्वास है कि संबंध आगे भी मजबूत होंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भारत-रूस ऊर्जा संबंधों पर कहा कि हम अपनी ऊर्जा जरूरतों को वैश्विक परिस्थितियों और बाजार में उपलब्ध विकल्पों के आधार पर तय करते हैं।'

Created On :   5 Aug 2025 1:36 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story