Indo-Pak Ceasefire Case: ट्रंप ने फिर दोहराई भारत-पाक के बीच सीजफायर कराने की बात, बोले - 'अगर हस्तक्षेप न करता तो हो सकती थी परमाणु जंग'

- ट्रंप ने फिर दिया भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर करवाने वाला बयान
- इस मुद्दे पर अब तक 12 बार दे चुके बयान
- रूस ने भी किया ट्रंप के दावे का समर्थन
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान के बीच संभावित युद्ध रुकवाने की बात कही है। उन्होंने फिर दावा किया है कि यदि वो हस्तक्षेप न करते तो यह लड़ाई परमाणु युद्ध में बदल सकती थी। मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्होंने व्यापार को हथियार बनाकर दोनों मुल्कों को झड़पें रोकने के लिए मजबूर किया। बता दें कि इस मुद्दे पर अमेरिकी राष्ट्रपति अब तक 12 बार बयान दे चुके हैं।
अपने ऑफिशियल प्लेन एयर फोर्स वन में मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, 'मैंने कुछ ऐसा किया जिसके बारे में लोग ज्यादा बात नहीं करते, और मैं भी ज्यादा नहीं बोलता। हमने भारत और पाकिस्तान के बीच एक बड़ी संभावित परमाणु समस्या को हल किया। मैंने दोनों देशों के नेताओं से बात की। दोनों देश एक-दूसरे पर हमले के लिए तैयार थे, और यह न्यूक्लियर वॉर के लेबल तक जा सकती थी।
उन्होंने आगे कहा, 'मैंने दोनों देशों से कहा, अगर आप लोग एक-दूसरे पर बम फेंकेंगे तो हम व्यापार नहीं करेंगे। इसके बाद दोनों ने हमले रोक दिए। मैंने तुरंत उस युद्ध को रोक दिया। मैं भारत और पाकिस्तान के नेताओं की तारीफ करता हूं।'
ट्रंप के हस्तक्षेप से रुका युद्ध
रूस ने भी ट्रंप के दावे का समर्थन किया है। पुतिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति की सीधी भागीदारी से यह संघर्ष रुका है। उन्होंने यह भी बताया कि ट्रम्प और पुतिन के बीच फोन कॉल में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी।
बता दें कि 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने 26 टूरिस्ट की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पीओके स्थित 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच करीब 4 दिन तक सीमा पर संघर्ष चला था। जिसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने 10 मई को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सीजफायर की जानकारी दी थी।
Created On :   7 Jun 2025 11:16 PM IST