राजगढ़ सड़क हादसा: 5 दोस्तों की पानी में डूबने से मौत, कार के नहीं खुले गेट, कांच तोड़कर निकाले शव

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले एक दर्दनाक खबर सामने आई है। सड़क हादसे में पांच दोस्तों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, शाजापुर जिले से खुजनेर के खाटू श्याम मंदिर दर्शन करने के लिए पांच साथी कार में सवार होकर जा रहे थे। इस बीच भीलखेलड़ी जोड़ के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने तालाब में जा गिरी। इसके बाद देखते ही देखते कार पानी में धीरे-धीरे डूब गई।
20 मिनट तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों के साथ क्रेन और रस्सी की सहायता से बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि गाड़ी के दरवाजे नहीं खुलने और पिछले कांच तोड़कर बाहर निकलने में देरी के कारण उनकी मौत हो गई।
कार का अगला हिस्सा पानी में डूबा
खुजनेर थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने कहा कि शनिवार दोपहर 12.40 बजे एक घटना की सूचना मिली थी। करीब 5 मिनट में पुलिस टीम घटनास्थल पर पुहंची। इस दौरान पुलिस अधिकारियों को कार का अगला हिस्सा पानी में पूरी तरह से डूबा मिला था, जबकि पिछला हिस्सा दिखाई दे रहा था। कार को पहले रस्से के सहारे खींचा गया। इसके बाद पांच लोगों को बाहर निकलाकर अस्पताल भेजा गया, जहां पर उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। मृतकों की पहचान आधार कार्ड से हुई है। जिसमें शाजापुर जिले के रहने वालों के तौर पर हुई है। इसके बाद उनकी जानकारी शाजापुर पुलिस और उनके परिजनों की दी गई।
बेटे के लिए रिश्ता देखने के लिए निकले
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक शाजापुर जिले के अरंडिया और अरनियाखुर्द गांव के रहने वाले थे। वे राजगढ़ में बने खाटू श्याम मंदिर दर्शन करने के लिए घर से निकले थे। ये भी बताया जा रहा है कि मृतक गोविंद तिवारी अपने बेटे के लिए रिश्ता देखने के लिए भी जा रहे थे, लेकिन मंजिल पर पहुंचे से पहले हादसे का शिकार हो गए। इस घटना के बाद दोनों गांवों में मातम पसर गया।
मृतकों की पहचान अरनियाखुर्द गांव के गोविंद तिवारी (55), कमल किशोर तिवारी (57), शंकर नाथ (58), जबकि अरंडिया गांव के अरविंद वर्मा (50) और रोहित पटेल (40-42) के रूप में हुई है।
Created On :   25 July 2026 8:50 PM IST














