Ahmedabad Plane Crash: हादसे के बाद पीएम मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से की बात, गृह मंत्री ने भी घटना पर ली जानकारी

हादसे के बाद पीएम मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से की बात, गृह मंत्री ने भी घटना पर ली जानकारी
  • पीएम मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से की बात
  • गृह मंत्री अमित शाह ने भी घटना पर ली जानकारी
  • एअर इंडिया विमान में 242 पैसेंजर थे सवार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अहमदाबाद विमान हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की। सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने दोनों नेताओं से अहमदाबाद जाने को कहा है। साथ ही, पीएम ने कहा है कि विमान दुर्घटना के बाद प्रभावित लोगों को हर संभव मदद की जाए।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने भी मामले को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि पीएम मोदी ने केंद्रीय उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की है। इस दौरान उन्होंने एयर इंडिया विमान दुर्घटना को लेकर जानकारी ली है। उन्होंने पीएम मोदी को बताया कि वे बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्री को निर्देश दिया है कि वे सभी आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराएं और स्थिति के बारे में नियमित रूप से अपडेट रहने को कहा है। सभी संबंधित एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। साथ ही, हर संभंव प्रयास किया जा रहा है।

गृह मंत्री अमित शाह ने ली जानकारी

जानकारी के मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं। साथ ही, यह भी जानकारी मिल रही है कि अमित शाह ने मामले को लेकर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गृह मंत्री और पुलिस कमिश्नर से बात की है।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए कहा- अहमदाबाद में विमान दुर्घटना के बारे में जानकर स्तब्ध और व्यथित हूं। हम उच्चतम अलर्ट पर हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर रहा हूं और सभी विमानन और आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों को त्वरित और समन्वित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। बचाव दल को तैनात कर दिया गया है और यह सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं कि चिकित्सा सहायता और राहत सहायता घटनास्थल पर पहुंचाई जाए।

उधर, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (एसवीपीआईए) प्रवक्ता ने कहा- एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के चलते सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा अहमदाबाद फिलहाल चालू नहीं है। अगली सूचना तक सभी उड़ान संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दिए गए हैं।

ताजा अपडेट

अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हुआ है। विमान में 242 पैसेंजर सवार थे, इनमें 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक था। अब तक 100 शव मिले हैं। एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-171 ने दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरी थी। दोपहर 1:40 बजे यह क्रैश हो गई। जानकारी मिली है कि विमान में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी मौजूद थे।

Created On :   12 Jun 2025 5:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story