Ahmedabad plane crash: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को होने वाले सभी कार्यक्रम निरस्त किए, अहमदाबाद में हुए विमान दुर्घटना को लेकर किया शोक व्यक्त

- एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हो गया
- सीएम मोहन ने शुक्रवार को होने वाले सभी कार्यक्रम निरस्त किए
- अहमदाबाद में हुए विमान दुर्घटना को लेकर किया शोक व्यक्त
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को गुजरात के अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विमान दुर्घटना में दिवंगतों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शुक्रवार 13 जून को होने वाले अपने सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिये हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुर्घटना से मैं हताश हूं और पूरा देश भी दुखी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान देने और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दु:ख इस घड़ी में परमात्मा से सभी नागरिकों को संबल प्रदान करने की कामना भी की है।
एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हो गया
अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर को एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हो गया। विमान में कुल 242 लोग मौजूद थे। इस हादसे में केवल एक यात्री ही जिंदा बचा है, बाकी सभी की मौत हो गई है। भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक रमेश विश्वास कुमार हादसे में जिंदा बचे हैं। वह प्लेन की सीट नंबर 11-A पर बैठे हुए थे।
बता दें कि, एअर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-171 अहमदाबाद जा रही थी, जिसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 242 यात्री सवार थे। मरने वाले में 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात शामिल हैं। इसके अलावा बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे। इस घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया है।
Created On :   13 Jun 2025 12:08 AM IST