Kedarnath helicopter accident: केदारनाथ हेलीकॉप्टर हादसे पर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे की प्रतिक्रिया, केंद्र और राज्य सरकार से जांच कराने की मांग की

- केदारनाथ हेलीकॉप्टर हादसे पर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे की प्रतिक्रिया
- केंद्र और राज्य सरकार से जांच कराने की मांग की
- केदारनाथ धाम जाने वाला मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है- रुद्रप्रयाग पुलिस
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड के केदारनाथ में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में सात लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने इस हादसे को पिछले छह हफ्तों में पांचवां हेलीकॉप्टर हादसा बताया और इसकी जवाबदेही तय करने की मांग की।
खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "रुद्रप्रयाग में हेलीकॉप्टर क्रैश की खबर अत्यंत दुखद है। पायलट समेत सात यात्रियों की मृत्यु हुई है। पीड़ित परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दे।" उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से हादसों की गहन जांच और सभी यात्राओं के लिए उचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी हादसे पर शोक जताया और राज्य सरकार से सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
जानकारी के मुताबिक, रुद्रप्रयाग के गौरीकुंड क्षेत्र में रविवार सुबह एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर ने सुबह 5:17 बजे गुप्तकाशी से उड़ान भरी थी और केदारनाथ से यात्रियों को लेकर लौट रहा था। हादसे में सभी सात लोगों की मौत हो गई।
वहीं, रुद्रप्रयाग पुलिस ने बताया कि जंगलचट्टी के पास मलबा और पत्थर गिरने से सोनप्रयाग से केदारनाथ धाम जाने वाला मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। इसे अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। पुलिस ने पैदल मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं।
Created On :   15 Jun 2025 11:38 PM IST