Delhi Humayun's Tomb accident: दिल्ली में बड़ा हादसा, हुमायूं मकबरा कैंपस के कमरे की छत गिरी, कई लोग दबे, रेस्क्यू जारी

- दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके में बड़ा हादसा
- हुमायूं के मकबरे में स्थित दरगाह शरीफ पत्ते शाह के कमरे की छत गिरी
- 11 लोगों को बचाकर अस्पताल भेजा गया
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में शुक्रवार को बड़ा हादसा हुआ। यहां के निजामुद्दीन इलाके में हुमायूं के मकबरे में स्थित दरगाह शरीफ पत्ते शाह के एक कमरे की छत गिर गई। शुक्रवार शाम को हुई इस घटना में कई लोग घायल हुए। सूचना मिलते ही पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई है।
पुलिस के मुताबिक, अब तक 11 लोगों को बचाकर हॉस्पिटल भेजा गया है। रेस्क्यू अभियान जारी है। बता दें कि इससे पहले खबर आई थी कि मकबरे का गुंबद गिर गया है लेकिन, यह खबर गलत निकली।
हुमायूं मकबरे की देखरेख भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) करती है। छुट्टियों के दिनों में इसे देखने के लिए लोगों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ती है। इस मकबरे को मकबरा-ए-हुमायूं भी कहते हैं, जिसे हुमायूं की पहली पत्नी बेगा बेगम ने 1569-70 में बनवाया था। इसका डिज़ाइन फ़ारसी वास्तुकार मिर्क मिर्ज़ा गियास और उनके बेटे सय्यद मुहम्मद ने तैयार किया था।
हुमायूं मकबरा भारतीय उपमहाद्वीप का अपनी तरह का पहला बगीचा मकबरा है। इसके नजदीक ही पुराना किला, जिसे दीना-पनाह के नाम से भी जाना जाता है। इस किले की नींव खुद हुमायूं ने 1533 में रखी थी। इसके निर्माण में लाल बलुआ पत्थर का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया था। साल 1993 में यूनेस्को ने इसे विश्व धरोहर स्थल का दर्जा दिया, जिसके बाद यहां बड़े पैमाने पर संरक्षण और जीर्णोद्धार का काम किया गया।
Created On :   15 Aug 2025 5:49 PM IST