किसान आंदोलन 2.0: दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का प्रदर्शन जारी, शंभू बॉर्डर पर हार्ट अटैक से एक किसान की मौत

दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का प्रदर्शन जारी, शंभू बॉर्डर पर हार्ट अटैक से एक किसान की मौत
  • दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का संघर्ष जारी
  • दिल्ली में प्रवेश से किसानों को रोक रहे हैं जवान
  • देशभर में दिख रहा है बंद का मिला जुला असर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सरकार के साथ तीसरे दौर की असफल बैठक के बाद आंदोलनकारी किसानों ने एक बार फिर दिल्ली कूच की कोशिशों को आगे बढा रहे हैं। इससे पहले कल सरकार से बातचीत होने तक दिल्ली चलो अभियान पर कुछ समय के लिए विराम लगाया गया था। आज यानि 16 फरवरी को किसानों ने भारत बंद का भी आह्वान किया है जिसके तहत सुबह 6 बजे से शाम के 4 बजे तक ग्रामीण भारत मेंबंद बुलाया गया है। देशव्यापी हड़ताल बुलाने वाली संयुक्त किसान मोर्चा ने इसे 'ग्रामीण भारत बंद' का नाम दिया है। इसके तहत देश के ग्रामीण इलाकों में आज औद्योगिक कामकाज ठप रहेगा। देश के विभिन्न हिस्सों में भारत बंद का मिला जुला असर देखने को मिल रहा है।

इन जगहों पर बंद का असर

देश के कई हिस्सों में भारत बंद का असर दिख रहा है। पंजाब, बिहार, झारखंड सहित न्योडा के कई हिस्सों में बंद का असर देखने को मिल रहा है। पंजाब के कपूरथला में भारत बंद का असर दिखाई दे रहा है और बड़ी संख्या में दुकानें बंद है। इसके अलावा किसानों ने हाइवे को भी बंद कर दिया है जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, मिनी चांदनी चौक कहा जाने वाला नोएडा सेक्टर 18 का अट्टा मार्केट भी सुनसान पड़ा है। भारत बंद का असर नोएडा के कई बाजारों पर देखने को मिल रहा है।

भारत बंद का असर बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में भी देखने को मिल रहा है। झारखंड के रामगढ़ जिले के पीवीयूएनएल प्लांट पर बंद का व्यापक असर दिख रहा है। एनटीपीसी मजदूर यूनियन और सीपीआई कार्यकर्ताओं के अपील पर आज सुबह सैकड़ों मजदूर प्लांट गेट से वापस लौट गए। राजधानी रांची में भारत बंद को लेकर कम संख्या में ऑटो चल रहे हैं। सुबह में टाटा और रामगढ़ से आने वाली बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं, हालांकि धीरे-धीरे सड़कों पर चलने वाले वाहनों की संख्या बढ़ रही है।

संयुक्त किसान मोर्चा व ट्रेड यूनियन के भारत बंद के आह्वान पर बिहार के समस्तीपुर में वाम दलों से संबंधित संगठनों ने समस्तीपुर में जुलूस निकाला। इस बीच जगह-जगह सड़क जाम करने से आवागमन बाधित हुआ जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, आम दिनों की तरह ही बाजारों में दुकानें खुली हुई है। सरकारी और निजी कार्यालयों व संस्थानों पर भी बंद का असर नहीं पड़ा।

शंभू बॉर्डर पर एक किसान की मौत

दिल्ली हरियाणा बॉर्डर पर किसान और जवानों के बीच संघर्ष जारी है। एक तरफ किसान दिल्ली में प्रवेश करने के लिए अमादा हैं तो वहीं राजधानी के सीमाओं पर तैनात सुरक्षा बल उन्हें आगे बढने से रोक रहे हैं। इस बीच हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर हार्ट अटैक की वजह से एक किसान के मौत की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, 70 साल के एक किसान को विरोध प्रदर्शन के दौरान हार्ट अटैक आ गया जिसके बाद उसे राजपुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने हार्ट अटैक का शिकार हुए किसान को मृत घोषित कर दिया।

इन जगहों पर नहीं दिख रहा बंद का असर

राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर बैरिकेडिंग बढ़ा दी गई है जिस वजह से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रही है। भारी जाम की वजह से लोग मिनटों का रास्ता घंटों में तय कर पा रहे हैं। इस बीच दिल्ली के भीतर जाम का कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है। सीमाओं पर लंबा ट्रैफिक जाम के बावजूद राजधानी के भीतर बंद का असर नहीं दिख रहा है, सभी बाजार और दुकानें खुली हुई है। इसके अलावा पंजाब और हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बंद का मिला जुला असर देखने को मिल रहा है। इन क्षेत्रों में ज्यादातर जगहों पर दुकानें और मंडी खुली हुई है। पंजाब के खन्ना में सुभाष बाजार, लालहेड़ी मार्केट और समराला रोड मार्केट खुली हुई है।

Created On :   16 Feb 2024 7:45 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story