भारी बारिश की वजह से पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में रेड अलर्ट, लोगों से घरों में रहने की अपील, राजधानी दिल्ली में भी बने बाढ़ जैसे हालात

भारी बारिश की वजह से पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में रेड अलर्ट, लोगों से घरों में रहने की अपील, राजधानी दिल्ली में भी बने बाढ़ जैसे हालात
  • पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में रेड अलर्ट
  • हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बाढ़ का पानी घुसा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर भारत में लगातार तेज बारिश से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। जिससे राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश से सबसे ज्यादा पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड प्रभावित हुआ है। इन दोनों राज्यों में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों को हिदायत दी जा रही है कि वो घरों में ही रहे जब तक स्थिति सामान्य न हो जाए। देश की राजधानी दिल्ली में भी बारिश कहर बन कर टूटा है। यमुना नदी का जलस्तर सामान्य से अधिक हो चला है जो दिल्ली पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। हरियाणा और पंजाब में भी भारी बारिश ने काफी तबाही मचाई है।

उत्तराखंड

देवभूमि उत्तराखंड की स्थिति को लेकर प्रदेश के आपदा प्रबंधन ने बताया कि, कुछ जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया था। लेकिन तेज बारिश की वजह से रेड अलर्ट कर दिया गया है ताकि लोग खतरे को देखते हुए अपने घरों में ही रहे। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में हादसा हुआ है। लैंडस्लाइड की वजह से तीन गाड़ियों पर पत्थर गिरने से 4 लोगों की मौत और 7 लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं। प्रदेश की धामी सरकार की ओर से यात्रियों को लगातार चेतावनी दी जा रही है कि भारी बारिश में ट्रैवल करने से बचे। साथ ही यह भी हिदायत दी जा रही है कि ऐसी जगह न जाए जहां पहाड़ों से पत्थर गिरने की आशंका हो। उत्तराखंड की हालात पर प्रदेश सरकार के साथ केंद्र सरकार भी अपनी नजर बनाई हुई है।

सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने केदारनाथ यात्रा रोकी

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने यात्रियों को सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोक दिया है।

पानी की तेज धार से सड़क बही

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री की ओर राष्ट्रीय राजमार्ग पर धराली में खीर गंगा के उफान से सड़क बह गई। उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने बताया कि भारी बारिश के बीच पिछले 12 घंटों से बंद सड़क को खोलने के प्रयास जारी हैं।

हिमाचल

हिमाचल प्रदेश में भी स्थिति बेहतर नहीं है। यहां भी प्रदेश के सभी जिलों में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ी राज्य में गुरुवार तक भारी बारिश की संभावना है जिसको लेकर येलो और रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। भारी बारिश की वजह से मनाली में बाढ़ आ गई है। हिमाचल प्रदेश के नूरपुर जिला पुलिस ने बताया "जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते पंडोह डैम(मंडी) से आज शाम 6 बजे से कल दोपहर 3 बजे तक पानी छोड़ा जाएगा। लोगों से अपील है कि आगामी कुछ दिनों तक निचले क्षेत्रों जैसे नदियां, नाले व डैम क्षेत्र के आसपास न जाएं।"

हिमाचल प्रदेश की हालात को लेकर एक पर्यटक ने बताया, "हम 5 जुलाई से मनाली के स्नो वैली होटल में हैं। रोड टूटी पड़ी है, हमारे पास जाने का कोई रास्ता नहीं है। 2 दिन से हम यहां से जाने की कोशिश कर रहे हैं। यहां बिजली नहीं है, इंटरनेट नहीं है, बहुत दिक्कत हो रही है।"

दिल्ली

दिल्ली में भी तेज बारिश की वजह से बाढ़ जैसी स्थिति बनती हुई दिखाई दे रही है। राजधानी में यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जिसकी वजह से बाढ़ का खतरा राजधानी पर मंडरा रहा है। मथुरा के एसएसपी शैलेश कुमार पांडे ने कहा, "बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। नदी के किनारे के सभी थानों को क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। अन्य एजेंसियों से भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है जिससे अगर कहीं जलभराव हो तो तुरंत ही लोगों को वहां से बाहर निकाला जा सके।"

हरियाणा

हरियाणा में बारिश की वजह से तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के अंबाला जिले में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा में कुछ राहत मिलने वाली है।

आईएमडी वैज्ञानिक अजय कुमार सिंह ने कहा, "पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में मानसून की बारिश होती रहेगी लेकिन पिछले 3 दिन जैसी लगातार बारिश नहीं होगी। सामान्य बारिश होती रहेगी। चंडीगढ़ में 8 जुलाई को 302 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। पंजाब के 25 फीसदी हिस्सों में मानसून की गतिविधि जारी रहेगी।"

Created On :   12 July 2023 3:33 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story