Gonda Car Accident: यूपी के गोंडा में बड़ा हादसा, बेकाबू होकर नहर में गिरी बोलेरो, 11 लोगों की दर्दनाक मौत

यूपी के गोंडा में बड़ा हादसा, बेकाबू होकर नहर में गिरी बोलेरो, 11 लोगों की दर्दनाक मौत
  • गोंडा के मोतीगंज थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
  • अनियंत्रित होकर सरयू नहर में गिरी बोलेरो
  • सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया मुआवजे का ऐलान

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के गोंडा में रविवार को बड़ा हादसा हुआ। यहां एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सरयू नहर में गिर गई, जिसमें 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर एक ही परिवार के सदस्य हैं। मिली जानकारी के मुताबिक बोलेरो में कुल 15 लोग सवार थे, जिनमें से चार को शीशा तोड़कर स्थानीय लोगों ने बचा लिया। सभी जल चढ़ाने पृथ्वीनाथ मंदिर जा रहे थे।

नहर में गिरते ही गाड़ी के गेट हुए लॉक

बताया जा रहा है कि गाड़ी के नहर में गिरते ही उसके सभी गेट लॉक हो गए। कुछ ही सेकंड के अंदर गाड़ी में पूरी तरह से पानी भर गया। बोलेरो के अंदर मौजूद एक भी शख्स खुद को बाहर नहीं निकाल सका और उनकी तड़प-तड़पकर मौत हो गई।

हादसा जिस जगह हुआ, उससे कुछ दूरी पर ग्रामीण थे। गाड़ी के नहर में गिरते देख वह लोगों की जान बचाने के लिए उसने कूद गए। लेकिन, गेट लॉक होने की वजह से वे उन्हें खोल नहीं पाए। इसके बाद उन्होंने बहुत मुश्किल से खिड़की का शीशा तोड़ा और 4 लोगों को बचाया।

हादसा रविवार सुबह 10 बजे मोतीगंज थाना क्षेत्र में हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस 10 मिनट में मौके पर पहुंची। इसके बाद प्रॉपर रेस्क्यू शुरू किया। कार के सामने का शीशा तोड़कर एक-एक को बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक हादसे के समय कार की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे थी। मृतकों में 6 महिलाएं, 2 पुरुष और 3 बच्चे हैं।

सीएम योगी ने किया मुआवजे का ऐलान

एक्स पर शेयर एक पोस्ट में सीएम योगी ने लिखा, 'जनपद गोंडा में दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को 5-5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।'

Created On :   3 Aug 2025 2:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story