Maharashtra TET Paper Leak: टीईटी पेपर लीक मामले पर भड़के एकनाथ शिंदे, मुख्य साजिशकर्ताओं पर मकोका लगाने का ऐलान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में टीईटी की परीक्षा रद्द होने के बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बयान दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि पेपर लीक जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने ये भी कहा है कि इस पूरे मामले के पीछे जो भी असली साजिशकर्ता हैं, उनके खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून यानी मकाको के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही इस पूरे संबंध में वह जल्द ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी चर्चा करेंगे।
हर दोषी तक पहुंचेगी जांच
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कदम उठाए जाएंगे। चाहे वह किसी बड़े पद पर हो या किसी संगठित गिरोह से जुड़ा हो, किसी को भी राहत नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि पेपर लीक केवल परीक्षा में गड़बड़ी नहीं है, बल्कि यह लाखों युवाओं की मेहनत और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाला गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में सरकार की नीति पूरी तरह सख्त है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़े -ट्रंप की प्रस्तावित भारत यात्रा पर बोले कीर्ति वर्धन सिंह- मौजूदा समय में वैश्विक जियो-इकोनॉमिक्स तेजी से बदल रही
पुलिस की कार्रवाई की सराहना
एकनाथ शिंदे ने पुलिस की कार्रवाई की तारीफ करते हुए कहा कि गुप्त सूचना मिलने के बाद तुरंत छापेमारी की गई। इसी वजह से मामला समय रहते सामने आ गया और बड़ी संख्या में मेहनत करने वाले स्टूडेंट्स का भी भविष्य सेफ है।
अभ्यर्थियों को दिया भरोसा
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा की तैयारी कर रहे किसी भी उम्मीदवार को चिंता करने की जरूरत नहीं है। शिक्षक पात्रता परीक्षा जल्द ही दोबारा कराई जाएगी। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष होगी, ताकि सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके।
यह भी पढ़े -8.7 करोड़ एमएसएमई दे रहे देश की अर्थव्यवस्था को रफ्तार, 38 करोड़ लोगों की आजीविका का बने सहारा मंत्री
पेपर लीक की आशंका के बाद रोक दी परीक्षा
राज्य परीक्षा परिषद ने 28 जून को प्रस्तावित शिक्षक पात्रता परीक्षा को पेपर लीक की आशंका के चलते स्थगित कर दिया। भिवंडी में पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों के पास मिले प्रश्न परीक्षा के प्रश्नपत्र से हुबहू मिलते हुए नजर आए हैं। इसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। परिषद के अनुसार, यह परीक्षा पूरे महाराष्ट्र के 1028 केंद्रों पर आयोजित होनी थी। अब जांच पूरी होने के बाद नई परीक्षा तिथि घोषित की जाएगी।
Created On :   27 Jun 2026 7:36 PM IST












