लोकसभा चुनाव 2024: सात चरणों में होंगे लोकसभा चुनाव, पहले चरण में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में मतदान, 19 अप्रैल को पहला चरण, 4 जून को नतीजे

सात चरणों में होंगे लोकसभा चुनाव, पहले चरण में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में मतदान, 19 अप्रैल को पहला चरण, 4 जून को नतीजे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए आगामी लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। पूरे देश में सात चरणों में लोकसभा चुनाव होंगे। लोकसभा चुनाव के साथ ही देश के चार राज्यों आंध्रप्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में भी चुनाव होंगे। लोकसभा का पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा। इसी चरण में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में मतदान होगा। इसके बाद दूसरा चरण 26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और अंतिम चरण 1 जून होगा। लोकसभा चुनाव के नतीजे 4 जून को घोषित होंगे।

Live Updates

  • 16 March 2024 10:18 AM GMT

    जाति-धर्म और निजी टिप्पणियों की मनाही

    चीफ इलेक्शन कमीशनर ने चुनाव प्रचार के दौरान जाति-धर्म के आधार पर लोगों को बांटने वाले बयानों से दूर रहने को कहा है। साथ ही नेताओं पर निजी टिप्पणियों की भी मनाही है।

  • 16 March 2024 10:12 AM GMT

    धनबल के साथ मसल पॉवर पर भी शिकंजा

    धनबल के साथ-साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ने मसल पॉवर के दुरूपयोग के खिलाफ भी चेताया। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, "चुनाव में खून-खराबे और हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है... हमें जहां से भी हिंसा की सूचना मिलेगी, हम उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे..."

  • 16 March 2024 10:10 AM GMT

    मिस इंफॉर्मेशन फैलाने पर सख्त कार्रवाई

    मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि चुनाव के दौरान गलत सूचना फैलाने वालों को भी दबोचा जाएगा। गलत सूचना फैलाने वालों पर आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।

  • 16 March 2024 10:07 AM GMT

    ट्रांजैक्शन पर रहेगी आयोग की नजर

    मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि चुनाव के दौरान सभी संदिग्ध ट्रांजैक्शंस पर नजर रखी जाएगी। चुनाव के दौरान शराब, साड़ी और कुकर बांटने वालों पर भी नजर रहेगी। चुनाव के दौरान जरूरत से ज्यादा धनबल के इस्तेमाल पर आयोग की तरफ से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

  • 16 March 2024 10:04 AM GMT

    घर जाकर मतदान

    मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, "...85 वर्ष से अधिक उम्र के जितने भी मतदाता हैं उनके घर जाकर मतदान करवाया जाएगा... इस बार देश में पहली बार ये व्यवस्था एक साथ लागू होगी कि जो 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता हैं और जिन्हें 40% से अधिक की विकलांगता है, उनके पास हम फॉर्म पहुंचाएंगे अगर वो मतदान का ये विकल्प चुनते हैं..."

  • 16 March 2024 10:03 AM GMT

    मोबाइल से करें शिकायत

    मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि अगर किसी भी व्यक्ति के आस पास चुनावों के दौरान नियम तोड़े जाते हैं या कुछ भी गलत किया जाता है तो आम जन अपनी मोबाइल के जरिए शिकायत कर सकते हैं। अगर कहीं पैसा बांटा जा रहा है तो आप अपने मोबाइल से फोटो खींचकर आयोग को भेंज सकते हैं। लोकेशन ट्र्रैश कर चुनाव आयोग तुरंत इन शिकायतों पर एक्शन लेगी।

  • 16 March 2024 9:59 AM GMT

    पर्यावरण का पूरा ध्यान

    चुनावी के दौरान पर्यावरण का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि प्रत्येक बूथ के बाहर वेस्ट मैनेजमेंट पर ध्यान दिया जाएगा और कागज के इस्तेमाल को न्यूनतम करने की कोशिश की जाएगी।

  • 16 March 2024 9:57 AM GMT

    बूथ पर मिलेगी सभी जरूरी सुविधाएं

    मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी। पीने के पानी से लेकर पुरूष और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा सभी मतदान केंद्रों पर रैंप और व्हीलचेयर की भी व्यवस्था रहेगी।

  • 16 March 2024 9:52 AM GMT

    55 लाख ईवीएम

    राजीव कुमार ने चुनाव की तैयारियों से संबंधित आंकड़े भी पेश किए। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, "हमारे पास 97 करोड़ पंजीकृत मतदाता, 10.5 लाख मतदान केंद्र, 1.5 करोड़ मतदान अधिकारी और सुरक्षा कर्मचारी, 55 लाख ईवीएम, 4 लाख वाहन हैं।"

  • 16 March 2024 9:50 AM GMT

    1.82 करोड़ नए मतदाता

    मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, "...इस देश में कुल मतदाता 96.8 करोड़ हैं। जिनमें से 49.7 करोड़ पुरुष और 47 करोड़ महिलाएं हैं... 1.82 करोड़ पहली बार मतदाता इन चुनावों में हैं..."

Created On :   16 March 2024 8:53 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story