Israel Iran News: खामेनेई की हत्या से जम्मू कश्मीर में हिंसक हुआ विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने भीड़ पर दागे आंसू गैस के गोले

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इजराइल और ईरान के बीच जंग विनाशकारी रूप लेती जा रही है। इजराइल-अमेरिका के हमलों से ईरान में भारी तबाही देखने को मिल रही है। इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर शिया मुस्लिम समुदाय के सबसे बड़े धार्मिक नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इसके बाद भारत और पाकिस्तान समेत कई इस्लामिक देशों में हिंसा भड़क गई है। जम्मू कश्मीर के कई जिलों में एहितायती प्रतिबंधों के बीच ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहा है। इस दौरान लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। इसके चलते सोमवार को दूसरे दिन बंद होने से घाटी में जनजीवन प्रभावित हो गया है। ऐसे में कई जगहों पर निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए जुलूस निकाले गए। इन्हें रोकने के लिए पुलिस और अर्धसैन्य बलों को बल प्रयोग करना पड़ा।
यह भी पढ़े -ईरान-इजरायल तनाव के बीच तेहरान जेल में बंद केतन मेहता से चार दिन से संपर्क नहीं, परिवार की बढ़ी चिंता
खामेनेई की मौत के खिलाफ जम्मू कश्मीर में विरोध प्रदर्शन
इस दौरान 2 मार्च को दूसरे दिन भी बंद होने की वजह से बाजार, परिवहन और दफ्तरों पर प्रभाव दिखाई दे रहा है। इसे देखते हुए संवेदशील इलाकों में पुलिस और अर्धसैन्य बलों की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की गई हैं। वहीं, सभी शिक्षण संस्थानों में दो दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। इंटरनेट की गति सीमित कर दी गई। प्रशासन ने एहतियातन कई इलाकों में सख्ती बढ़ा दी। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए लगातार गश्त और निगरानी की गई। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
श्रीनगर में लालचौक, आबीगुजर, आलमगरी बाजार और लाल बाजार समेत कई इलाकों में आने-जाने के रास्ते बंद कर दिए गए। बारामुला, पट्टन, मांगाम, बडगाम, पुलवामा, शोपियां और बांदीपोर के शिया बहुल क्षेत्रों में भी आवागमन सीमित किया गया। प्रशासनिक पाबंदियों के बावजूद बड़ी संख्या में शिया समुदाय के लोग जमा हुए। प्रदर्शनकारियों ने खामेनेई के पोस्टर और अमेरिका-इजरायल विरोधी नारे लिखे बैनर लेकर लालचौक की ओर मार्च करने की कोशिश की।
यह भी पढ़े -'हमारे परमाणु ठिकाने पर इजरायल-अमेरिका ने किया हमला', तनाव के बीच ईरान का बड़ा दावा, अब तक किने लोगों ने गंवाई जान?
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर दागे आंसू गैस के गोले
बटमालू के पास पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका और निषेधाज्ञा का हवाला दिया। सुरक्षाकर्मियों की अपील के बावजूद उत्तेजित भीड़ ने धक्का-मुक्की की और लगाए गए अवरोधकों को तोड़ दिया। कुछ प्रदर्शनकारी फिलस्तीन, ईरान और हिजबुल्ला के झंडे लिए हुए थे।
स्थिति बिगड़ती देख सुरक्षाबलों ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े, जिससे हिंसक झड़पें शुरू हो गईं। प्रदर्शनकारी बार-बार जमा होकर आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे, लेकिन लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षाकर्मियों ने हालात पर काबू पा लिया और भीड़ को खदेड़ दिया।
Created On :   2 March 2026 6:23 PM IST












