MP Monsoon Update: एमपी में छाए रहेंगे बादल, गरज-चमक के साथ 15 जिलों में तेज बारिश के आसार

भोपाल में छाए बादल, बारिश का इंतजार
  • एमपी के हर जिले में जल्द एंट्री लेगा मानसून
  • भोपाल में छाए भारी बादल
  • एमपी के 15 जिलों में बारिश के आसार
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री धीरे-धीरे बढ़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दो चार दिनों में पूरे प्रदेश में मानसून दस्तक दे देगा। गुरुवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ जबलपुर में मानसून एंट्री ले सकता है। भोपाल में भारी बादल छाए हुए हैं, साथ ही हल्की हवाएं भी चल रही हैं। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि प्रदेश में जल्द ही गरज और चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के करीब 15 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। साथ ही प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है, जिसमें बड़वानी, झाबुआ, धार, रतलाम, मंदसौर नीमच, गुना के साथ कई अन्य जिले भी शामिल हैं।

कैसा रहा मध्य प्रदेश का तापमान?

मध्य प्रदेश के तापमान के बारे में जानें तो, बीते कुछ दिनों से गर्मी के चलते तापमान में खास गिरावट दर्ज नहीं हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के कुछ शहरों में बुधवार को शिवपुरी में 40 डिग्री सेल्सियस, खजुराहो में 38.6 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 38.5 डिग्री सेल्सियस, पृथ्वीपुर में 38 डिग्री सेल्सियस और रीवा में 37.8 डिग्री सेल्सियस तक तापमान दर्ज किया गया है।

बारिश का येलो अलर्ट कहां पर?

बारिश के चलते मौसम विभाग की तरफ से प्रदेश के कई सारे जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। उसमें भोपाल, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, खरगोन, अलीराजपुर, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, दतिया, भिंड, मुरैना, सतना, शहडोल, उमरिया, सिवनी, मंडला के अलावा भी कई अन्य जिले शामिल हैं।

Created On :   19 Jun 2025 3:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story