आर्मी चीफ की पाक को चेतावनी, राज्य प्रायोजित आतंकवाद नहीं रोका तो करेंगे स्ट्राइक

आर्मी चीफ की पाक को चेतावनी, राज्य प्रायोजित आतंकवाद नहीं रोका तो करेंगे स्ट्राइक

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सेना प्रमुख की कमान संभालने के बाद जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने पाकिस्तान को आतंकवाद को लेकर कड़ी चेतावनी दी है। नरवणे ने मंगलवार को कहा कि यदि पड़ोसी देश राज्य प्रायोजित आतंकवाद को नहीं रोकता है, तो भारत आतंकी खतरे के स्रोतों पर स्ट्राइक करने का अधिकार रखता है। 

जनरल नरवणे ने कहा, "हमारा पड़ोसी हमारे खिलाफ प्रॉक्सी वॉर करने के एक तरीके के रूप में आतंकवाद को स्टेट पॉलिसी के टूल के रूप में उपयोग करने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, ऐसा ज्यादा समय तक नहीं चल सकता, क्योंकि आप सभी लोगों को हर समय मूर्ख नहीं बना सकते।"

नरवणे ने कहा राज्य प्रायोजित आतंकवाद से ध्यान हटाने के लिए पाकिस्तान की सेना की सभी कोशिशें पूरी तरह विफल रही हैं और धारा 370 के निरस्त होने के बाद कश्मीर में स्थिति में काफी सुधार हुआ है। यह पूछे जाने पर कि वह पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद से कैसे निपटेंगे, उन्होंने कहा, "हमारे पास प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई के लिए विकसित रणनीति है।"

चीन के साथ 3,500 किलोमीटर सीमा पर सुरक्षा चुनौतियों को लेकर जनरल नरवणे ने कहा कि "अब हम पश्चिमी सीमा से उत्तरी सीमा पर अपना फोकस कर रहे हैं। यह प्राथमिकताओं के संतुलन की प्रक्रिया है। हम उत्तरी सीमा पर क्षमता निर्माण में सुधार करना जारी रखेंगे ताकि जरूरत पड़ने पर हम तैयार हों।"

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ की नियुक्ति को लेकर नरवाणे ने कहा कि "इससे रक्षा प्रतिष्ठान के संचालन के तरीके में काफी बदलाव आएगा। यह पूरी सैन्य प्रणाली में महत्वपूर्ण सुधार लाएगा।" सेना प्रमुख के रूप में उन्होंने अपने मेन फोकस के बारे में बताते हुए कहा कि "उनका मेन फोकस सेना को किसी भी समय किसी भी खतरे का सामना करने के लिए तैयार करना होगा।"

बता दें कि जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने आज (मंगलवार) सेना प्रमुख का पद संभालाहै। बिपिन रावत की मौजूदगी में उन्होंने पदभार को ग्रहण किया। नरवणे अभी तक सेना के उपप्रमुख का पद संभाल रहे थे। जनरल मनोज नरवणे देश के 28वें सेना प्रमुख हैं। नरवणे आर्मी चीफ बनते ही दुनिया की सबसे ताकतवर सेनाओं में शामिल 13 लाख थल सैनियों के प्रमुख बन गए। सेना के उपप्रमुख से पहले लेफ्टिनेंट जनरल मनोज नरवणे इस्टर्न कमांड के प्रमुख थे। इस्टर्न कमांड भारत-चीन की 400 किलोमीटर लंबी सीमा की रखवाली करती है। 

 

 

Created On :   31 Dec 2019 2:27 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story