इस बार 'Beat Air Pollution' थीम पर मनाया जा रहा है विश्व पर्यावरण दिवस

इस बार 'Beat Air Pollution' थीम पर मनाया जा रहा है विश्व पर्यावरण दिवस
हाईलाइट
  • विश्व पर्यावरण दिवस 2019 की थीम है 'Beat Air Pollution'
  • हर साल पूरी दुनिया में 5 जून को मनाया जाता है विश्व पर्यावरण दिवस

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। "वर्ल्ड एनवायरनमेंट डे" यानी विश्व पर्यावरण दिवस। यह संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रकृति को समर्पित एक उत्सव है। पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लक्ष्य से हर साल 5 जून को पूरी दुनिया में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। इसकी शुरुआत प्रकृति और मानव संबंधों के बीच सहयोगी और समर्पित भाव के रूप में हुई थी। इस बार पर्यावरण दिवस के आयोजन की मेजबान चीन कर रहा है। विश्व पर्यावरण दिवस की थीम "Beat Air Pollution" यानी वायु प्रदूषण को हराना रखी गई है।

पहले सम्मेलन में 119 देशों ने लिया था हिस्सा 
पर्यावरण के प्रति जागरूकता और राजनीतिक चेतना जागृत करने के लिए हर साल यह दिवस मनाया जाता है। इससे आम जनता को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाता है। विश्व में लगातार बढ़ते प्रदूषण और बढ़ती ग्लोबलवार्मिंग की चिंताओं के चलते विश्व पर्यावरण दिवस की शुरुआत की गई थी। पर्यावरण प्रदूषण की समस्या को लेकर 1972 में संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से वैश्विक स्तर पर पर्यावरण की चिंता करते हुए विश्व पर्यावरण दिवस मनाने की नींव रखी गई। इसका आगाज स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में हुआ था। यहां पहली बार पर्यावरण सम्मेलन आयोजित किया गया था, जिसमें 119 देशों ने शिरकत की थी। 

इसी सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) की शुरुआत की गई। यहीं से हर साल 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाने का संकल्प लिया गया। दुनियाभर के नागरिकों को पर्यावरण प्रदूषण की चिंताओं से अवगत कराने और प्रकृति- पर्यावरण को लेकर जागरूक करने उद्देश्य रखा गया। 

पहले पर्यावरण दिवस पर इंदिरा गांधी ने रखे थे अपने विचार
पहले पर्यावरण दिवस पर भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भारत की प्रकृति और पर्यावरण के प्रति चिंताओं को जाहिर किया था। उन्होंने "पर्यावरण की बिगड़ती स्थिति एवं उसका विश्व के भविष्य पर प्रभाव" विषय पर व्याख्यान देते हुए प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भारत की दृष्टि और प्रतिबद्धता पर अपने विचार रखे थे। 

2018 का होस्ट देश था भारत
भारत में पर्यावरण संरक्षण के लिए पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 19 नवंबर 1986 से लागू हुआ। इस अधिनियम के अंतर्गत जल, वायु, भूमि और इनसे संबंधित कारक जैसे मानव, पौधे, सूक्ष्म जीव, अन्य जीवित पदार्थ आते है। पर्यावरण दिवस मनाने का मकसद लोगों को हरित पर्यावरण के महत्व को समझाना और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को याद दिलाना है। बता दें कि, विश्व पर्यावरण दिवस 2018 का होस्ट देश भारत था। पिछले साल "बीट प्लास्टिक पॉल्युशन" थीम पर पर्यावरण दिवस मनाया गया था। 

Created On :   4 Jun 2019 5:37 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story