आतंकियों के निशाने पर मुंबई!: पुलिस कंट्रोल रूम को आया कॉल, हरिथारबंद दहशतगर्दों के डोंगरी में होने की कही बात, मचा हड़कंप

पुलिस कंट्रोल रूम को आया कॉल, हरिथारबंद दहशतगर्दों के डोंगरी में होने की कही बात, मचा हड़कंप
  • मुंबई में आतंकी हमले की धमकी
  • पुलिस कंट्रोल रूम को आया कॉल
  • पुलिस ने बताया फर्जी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई पुलिस के कंट्रोल रुम में उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां धमकी भरा एक कॉल आया। इस कॉल को करने वाले शख्स ने पुलिस को बताया कि मुंबई में बड़ा आतंकी हमला होने वाला है। शहर के डोंगरी इलाके में हथियारों से लैस आतंकी घुस आए हैं। हालांकि पुलिस ने जब इसकी छानबीन की तो खबर फर्जी निकली। इसके बाद पुलिस ने कॉल करने वाले को ट्रेस किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया है।

पहले भी आ चुके हैं फर्जी कॉल

बता दें कि ये पहली बार नहीं है जब ऐसे धमकी भरे फर्जी कॉल या मैसेज आए हों। बल्कि इससे पहले भी मुंबई पुलिस को ऐसे कॉल और मैसेज आ चुके हैं। बीते हफ्ते मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को एक कॉल आया था जिसमें कहा गया था कि करीब 10 हथियारों से लैस आतंकी पाकिस्तान से मुंबई में आए हैं। इनकी प्लानिंग शहर के फाइव स्टार होटल ताजमहल पैलेस को उड़ाने की है। जिसके बाद पुलिस ने होटल और उसके आसपास के स्थानों पर सघन तलाशी ली लेकिन कोई सबूत नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने कॉल को फर्जी बताया। उस समय पुलिस के अधिकारी ने मीडिया को बताया था, ' कॉल मिलने के बाद, सूचना कोलाबा पुलिस स्टेशन को दे दी गई, जिसके अधिकार क्षेत्र में होटल आता है। स्थानीय पुलिस ने पहचान शाखा, एटीसी और बीट मार्शल के साथ होटल के सुरक्षा प्रमुख से संपर्क किया और सुरक्षा कर्मचारियों की सहायता से परिसर की जांच की। जिसमें हमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।'

वहीं इसी महीने ऐसा ही एक और कॉल मुंबई पुलिस के पास आया था। दरअसल, 2 फरवरी को मुंबई ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम को मैसेजिंग ऐप व्हाट्सऐप के जरिए मुंबई को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। मैसेज में कहा गया था कि मुंबई में 6 जगह बम रखे हैं। जिसके बाद कंट्रोल रूम ने इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को दी। शहर में बम होने की खबर से मुंबई पुलिस के दफ्तर में हड़कंप मच गया था। बाद में इस खबर के फर्जी होने की बात सामने आई।

बता दें कि मुंबई में हुए 26/11 हमले के बाद पुलिस काफी चौकन्नी होती है। शहर में आने वाले जलमार्ग से लेकर हवाई और सड़क मार्ग तक सघन चैकिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाता है। यही वजह है कि करीब 17 साल बीत जाने के बाद भी वह दोबारा मुंबई में वैसा आतंकी हमला नहीं हुआ।

Created On :   16 Feb 2024 6:06 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story