हरियाणा: पुलिस ने यूट्यूबर और बिग बॉस विजेता एल्विश यादव के घर पर फायरिंग केस में बड़ी कार्रवाई की, एक आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस ने यूट्यूबर और बिग बॉस विजेता एल्विश यादव के घर पर फायरिंग केस में बड़ी कार्रवाई की,  एक आरोपी को किया गिरफ्तार
  • 17 अगस्त की सुबह गुरुग्राम के सेक्टर 56 में एल्विश यादव के आवास पर हुई थी फायरिंग
  • फरीदाबाद की क्राइम ब्रांच सेक्टर 30 ने आरोपी को फरीदपुर गांव के पास से गिरफ्तार किया
  • भाऊ गैंग हरियाणा और पंजाब में फिरौती, धमकी, वसूली और हत्या जैसे मामलों के लिए जाना जाता है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा पुलिस ने यूट्यूबर,सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और बिग बॉस विजेता एल्विश यादव के घर पर फायरिंग केस में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। फरीदाबाद में क्राइम ब्रांच और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शूटर की पहचान फरीदाबाद की जवाहर कॉलोनी के रहने वाले इशांत उर्फ इशू गांधी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आज शुक्रवार की सुबह फरीदाबाद की क्राइम ब्रांच सेक्टर 30 ने आरोपी को फरीदपुर गांव के पास घेरा था। आरोपी ने पुलिस को देखते हुए भागने की कोशिश की, आरोप ने पुलिस टीम पर ऑटोमेटिक पिस्टल से 6 से अधिक बार फायरिंग भी की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर किए, जिसमें एक गोली आरोपी इशू गांधी के पैर में जाकर लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया। और आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मिली जानकारी के अनुसार सुबह चार बजे पर्वतीय कॉलोनी में एनकाउंटर हुआ। गुरुग्राम पुलिस फरीदाबाद पुलिस के संपर्क में है और उनसे इस पूरे मामले में जानकारी हासिल कर रही है. गुरुग्राम पुलिस की एक टीम फरीदाबाद जाकर आरोपी से पूछताछ करेगी।

आपको बता दें 17 अगस्त की सुबह गुरुग्राम के सेक्टर 56 में एल्विश यादव के आवास पर फायरिंग हुई थी। एल्विश यादव के घर के बाहर हुई इस फायरिंग में तीन शूटर शामिल थे, आरोपियों में एक इशू गांधी भी था। भाऊ गैंग' ने इस हमले की जिम्मेदारी ली। गैंग के दो बदमाशों नीरज फरीदपुरिया और भाऊ रिटोलिया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाला, जिसमें लिखा एल्विश यादव के घर पर जो गोली चली, वह उन्होंने चलवाई है।

भाऊ गैंग हरियाणा और पंजाब में फिरौती, धमकी, वसूली और हत्या जैसे मामलों के लिए जाना जाता है। हरियाणा के पलवल का रहने वाला नीरज फरीदपुरिया इस गैंग का मुख्य सदस्य है। उस पर हत्या, जबरन वसूली और धमकी देने जैसे कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। नीरज पहले जेल में था और उसे 2015 में उम्रकैद की सजा भी हुई थी, लेकिन जमानत मिलने के बाद वह विदेश भाग गया, और अब वह विदेश से हीं से अपना नेटवर्क चला रहा है।

Created On :   22 Aug 2025 10:29 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story