Vaishno Devi Landslide: वैष्णो देवी मंदिर मार्ग एक बार फिर से हुआ भूस्खलन का शिकार, 9 दिनों से यात्रा थी निलंबित, जानें अब क्या है मार्ग के हाल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में लगातार भारी बारिश का दौर जारी है। जम्मू के कटरा में स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर के मार्ग में बीते कुछ दिनों पहले ही भूस्खलन का हादसा हुआ था। इसके बाद से ही वैष्णो देवी मार्ग को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद आज (3 सितंबर) को फिर से भूस्खलन हुआ है। जिसमें किसी को भी नुकसान नहीं हुआ है और कोई घायल भी नहीं हुआ है। बारिश को देखते हुए पहले ही मार्ग को बंद करवा दिया गया था और एहतियात बरतते हुए अधिकारियों के ठहरने की व्यवस्थाएं भी खाली करवा दी गई थीं।
कटरा बेस कैंप में है शांति
वैष्णो देवी मंदिर की तीर्थयात्रा निलंबित रहने के चलते श्रद्धालु नहीं आ रहे हैं और कटरा बेस कैंप को भी पूरी तरह से खाली करवा दिया गया है। जिससे वो पूरा सूनसान और शांति भरा लग रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 3 सितंबर को बताया गया है कि, वैष्णो देवी मंदिर के आधार शिविर में बीते 24 घंटे में करीब 25 मिमी बारिश दर्ज की गई है। ये बारिश जम्मू क्षेत्र में सबसे ज्यादा है।
इससे पहले कब हुआ था हादसा?
वैष्णो देवी मार्ग में 26 अगस्त को भूस्खलन की खबर सामने आई थी। जिसमें करीब 34 श्रद्धालुओं की जान गई थी और करीब 20 श्रद्धालु घायल हुए थे। इसके बाद ही वैष्णो देवी मार्ग को बंद कर दिया गया है। लेकिन मंदिर अब भी खुला हुआ है और पुजारी लगातार प्राथना और अनुष्ठान कर रहे हैं।
स्थिति में सुधार आने के बाद यात्रा फिर से होगी शुरू
अधिकारियों से पूछा गया कि यात्रा कब शुरू होगी, तो इस पर बताया गया है कि, जब स्थिति सही हो जाएगी तब ही निर्णय लिया जाएगा। लगातार भारी बारिश के चलते नदी, नालों का जलस्तर बढ़ गया है, जिस वजह से ही अभी यात्रा और कुछ दिन भी निलंबित ही रहने वाली है।
Created On :   3 Sept 2025 5:51 PM IST













