राजीव गांधी की 28वीं पुण्‍यतिथि, कांग्रेस नेताओं ने ‘वीर भूमि’ पर दी श्रद्धांजलि

राजीव गांधी की 28वीं पुण्‍यतिथि, कांग्रेस नेताओं ने ‘वीर भूमि’ पर दी श्रद्धांजलि

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आज (21 मई) 28वीं पुण्‍यतिथि है। इस मौके पर गांधी परिवार और कांग्रेस नेताओं ने दिल्‍ली के राजघाट स्थित उनके समाधि-स्‍थल ‘वीर भूमि’ पर श्रद्धांजलि दी। यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ‘वीर भूमि’ पर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने भी ट्वीट कर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी है। बता दें कि 21 मई, 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी। 

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने स्वर्गीय पिता राजीव गांधी की याद में लिखा है, मेरे पिता सौम्य, दयालु और स्नेही थे। उन्होंने मुझे सभी से प्यार करना और उनका सम्मान करना सिखाया। माफ करना सिखाया। कभी किसी से नफरत करना नहीं सिखाया। 

वहीं प्रियंका गांधी ने भी अपने पिता को याद करते हुए ट्वीट किया है, आप हमेशा मेरे हीरो रहेंगे। प्रियंका ने राजीव गांधी के साथ अपने बचपन की एक तस्वीर और हरिवंश राय बच्चन की कविता भी शेयर की है।

राजीव गांधी का पूरा नाम राजीव रत्‍‌न गांधी था। राजीव गांधी भारत के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री थे। राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 को मुंबई में हुआ था। फिरोज गांधी व देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पुत्र थे। राजीव तीन साल के थे जब भारत स्वतंत्र हुआ और उनके नाना जवाहरलाल नेहरू स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री बने। राजीव गांधी ने अपना बचपन अपने नाना के साथ इलाहाबाद के तीन मूर्ति हाउस में बिताया। वे कुछ समय के लिए देहरादून के वेल्हम स्कूल गए। बाद में उन्हें देहरादून के आवासीय दून स्कूल में भेज दिया गया।

इसके बाद राजीव गांधी ने लंदन के इंपीरियल कॉलेज में दाखिला लिया तथा केंब्रिज विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग का कोर्स किया। इंग्लैंड से उच्‍च शिक्षा लेकर घर लौटने के बाद उन्होंने दिल्ली फ्लाइंग क्लब की प्रवेश परीक्षा पास कर कॉमर्शियल पायलट का लाइसेंस प्राप्त किया और इंडियन एयरलाइंस के पायलट बन गए। इंग्‍लैंड में पढ़ाई के दौरान राजीव गांधी की मुलाकात सोनिया गांधी से हुई थी। 1968 में दोनों ने शादी कर ली।

 

Created On :   21 May 2019 2:52 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story