Karnataka Government Formation: डीके शिवकुमार की सरकार में कौन बनेगा मंत्री? देखें संभावित मंत्रियों की सूची, 15 नामों की चर्चा तेज

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक में सिद्धारमैया के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद नई सरकार के गठन की तैयारी शुरू हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, नई सरकार के मुखिया संभवत: डीके शिवकुमार ही होंगे। उनका मुख्यमंत्री बनना तकरीबन साफ हो गया है। जानकारी के मुताबिक, इस संबंध में डीके शिवकुमार ने राज्यपाल थावरचंज गहलोत से मुलाकात की है।
डीके शिवकुमार की सरकार में ये होंगे संभावित मंत्री
वहीं, बात करें कर्नाटक के नई सरकार के संभावित मंत्रियों की तो पार्टी अनुभव और क्षेत्रीय संतुलन के लिहाज से कई दिग्गज नेताओं और कुछ नए चेहरों को मौका दे सकते हैं डीके शिवकुमार की सरकार में जिन संभावित नेताओं के नाम हैं उनमें यतींद्र सिद्धारमैया (सिद्धारमैया के बेटे और MLC), दिनेश गुंडू राव, लक्ष्मी हेब्बालकर, रामलिंगा रेड्डी, रिजवान अरशद, यू.टी. खादर, शरथ बाचेगौड़ा, ए.एस. पोन्नन्ना और बायराथी सुरेश को मौका दिया जा सकता है। इसके अलावा प्रियंक खरगे (कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के बेटे), एम.बी. पाटिल, जी. परमेश्वर, कृष्णा बायरेगौड़ा, ईश्वर खंड्रे, के.जे. जॉर्ज, एच.सी. महादेवप्पा और संतोष लाड के नाम भी संभावित मंत्रियों की सूची में बताए जा रहे हैं।
बता दें, कर्नाटक में आज (30 मई) शाम 4 बजे विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक को लेकर सभी की नजर टिकी हैं। इससे पहले डीके शिवकुमार ने दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की थी। इस दौरान डीके शिवकुमार ने खरगे के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया था। उन्होंने शुक्रवार को कहा था कि बैठक में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता के चुनाव की प्रक्रिया को पूरा करना तत्काल प्राथमिकता है और अन्य मामलों पर इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद ही चर्चा की जाएगी।
यह भी पढ़े - मनोज सिन्हा ने श्रीनगर में किया 'कश्मीर साहित्य महोत्सव' का उद्घाटन, सकारात्मक विमर्श पर जोर
कर्नाटक में आज होगी विधायक दल की बैठक
बता दें, कर्नाटक में सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद कांग्रेस विधायक दल की बैठक करने जा रही है। नव निर्वाचित सीएलपी नेता के मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी की ओर से उम्मीदवार बनने की उम्मीद है। वर्तमान विधायक दल के नेता के तौर पर सिद्धारमैया बैठक का नेतृत्व करेंगे। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डीके शिवकुमार, एआईसीसी महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, विधान परिषद के फ्लोर लीडर एनएस बोस राजू और पार्टी के सभी कार्यकारी अध्यक्ष बैठक में उपस्थित रहेंगे। कांग्रेस विधायक और विधायक दल के सचिव अल्लामा प्रभु पाटिल ने इस बात का ऐलान किया था। सभी विधायकों, एमएलसी, लोकसभा सदस्यों और राज्यसभा सदस्यों को बैठक में शामिल होने के लिए कहा गया है।
Created On :   30 May 2026 4:36 PM IST







