मानसून सत्र: आज लोकसभा में केंद्र सरकार पेश करेगी तीन अहम विधेयक, कांग्रेस ने जताया विरोध

- पीएम सीएम या मंत्री को गंभीर आपराधिक मामलों में गिरफ्तार के बाद पद से हटाने वाला विधेयक
- केंद्र शासित प्रदेश (संशोधन) विधेयक, 2025, संविधान (130वां संशोधन) विधेयक, 2025, जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2025
- भाजपा सरकार इन विधेयकों के जरिए विपक्षी दलों के मुख्यमंत्रियों को निशाना बनाना चाहती है- कांग्रेस
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार आज बुधवार को लोकसभा में तीन अहम विधेयक पेश करने जा रही है। जिन पर कांग्रेस ने तीखा हमला किया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि बीजेपी सरकार विपक्ष को अस्थिर करने के लिए ऐसे नए -नए कानून ला रही है। मिली जानकारी के अनुसार इन विधेयकों में कहा गया है कि अगर प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री, किसी राज्य के मुख्यमंत्री या केंद्र शासित प्रदेश के मंत्री को गंभीर आपराधिक मामलों में अरेस्ट या हिरासत में लिया जाता है तो उन्हें उनके पद से हटाया जा सके। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मौजूदा कानूनों में ऐसा कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है जिससे गिरफ्तारी या न्यायिक हिरासत की स्थिति में ऐसे नेताओं को उनके पद से हटाया जा सके। इसी कमी को दूर करने के लिए सरकार ये तीन विधेयक लाने की तैयारी में हैं।
केंद्र सरकार जिन विधेयकों को आज बुधवार को लोकसभा में पेश करने वाली हैं, उनमें केंद्र शासित प्रदेश (संशोधन) विधेयक, 2025, संविधान (130वां संशोधन) विधेयक, 2025, जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2025 शामिल है। हालांकि कांग्रेस ने इन विधेयकों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि इन विधेयकों के जरिए विपक्षी दलों के मुख्यमंत्रियों को निशाना बनाना चाहती है। कांग्रेस प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि बीजेपी विपक्ष को कमजोर करने के लिए कानून का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजना है कि केंद्र की एजेंसियों से विपक्षी नेताओं को मनमाने ढंग से गिरफ्तार कराया जाए और फिर नए कानून के तहत उन्हें तुरंत पद से हटा दिया जाए।
कांग्रेस प्रवक्ता सिंघवी ने कहा कि यह कैसी राजनीति है जिसमें बिना किसी ठोस आधार के अरेस्ट किया जाता है और गिरफ्तारी होते ही सीएम को पद से हटाया जाता है? कांग्रेस प्रवक्ता ने ऐसे विधेयकों को गैरकानूनी, असंवैधानिक और लोकतंत्र के खिलाफ बताया। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए आगे कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी का कोई मुख्यमंत्री इस कानून के दायरे में नहीं आएगा, लेकिन विपक्षी मुख्यमंत्रियों को निशाना बनाया जाएगा। यह साफ तौर पर सत्ता का गलत इस्तेमाल है।
Created On :   20 Aug 2025 8:47 AM IST