पंजाब विधानसभा में फ्लोर टेस्ट पर सियासी बवाल: क्यों उठी CM भगवंत मान के डोप टेस्ट की मांग? AAP ने कांग्रेस के आरोपों पर किया पलटवार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रताप सिंह बाजवा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनके पार्टी के विधायकों को लेकर बड़ा मांग रख दी है। कांग्रेस नेता ने कहा कि सीएम और आप के सभी विधायक डोप टेस्ट कराए। इस मांग के बाद अब आम आदमी पार्टी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।
कांग्रेस ने सीएम भगवंत मान के डोप टेस्ट की उठाई मांग
पंजाब आप के चीफ और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने नेता प्रतिपक्ष की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा बुलाए गए विशेष सत्र का उद्देश्य मजदूरों की कड़ी मेहनत और योगदान का सम्मान करना, उनके प्रयासों को मान्यता देना और उनकी मेहनत को आदर देना है, लेकिन कांग्रेस लगातार बेबुनियाद और हल्की टिप्पणियां कर रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। यह मजदूरों के जख्मों पर नमक छिड़कने और सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने जैसा है।"
वहीं, आप के फ्लोर टेस्ट को लेकर अमन अरोड़ा ने कहा, "यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। चूंकि हाल के दिनों में हमारे विधायकों को लेकर चर्चाएं चल रही हैं, इसलिए इस मामले पर आज पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।"
यह भी पढ़े -बतौर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का आखिरी कार्यकाल हो सकता है, इसलिए वह परेशान हैं बीएल वर्मा
आप के फ्लोट टेस्ट पर सियासी बवाल
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता प्रतिपक्ष सुखपाल खैरा ने मुख्यमंत्री पर सदन में शराब पीकर बैठने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा है, तो यह विधानसभा के नियमों और विशेषाधिकारों का उल्लंघन है। उन्हें उम्मीद थी कि स्पीकर इस मामले पर संज्ञान लेंगे और डोप टेस्ट का आदेश देंगे।
वहीं, दूसरी ओर पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि सामान्य सत्र महत्वपूर्ण होता है, लेकिन विशेष सत्र का महत्व और भी ज्यादा होता है। ऐसे में यदि विधानसभा में आने वाले नेताओं का ब्रेथलाइजर टेस्ट किया जाए, तो कई सच सामने आ सकते हैं। बता दें, अब तक इस मामले पर मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से कोई आधिकारिाक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Created On :   1 May 2026 5:59 PM IST









