उत्तरप्रदेश सियासत: सपा के मंच से AAP नेता अवध ओझा ने की अखिलेश यादव की तारीफ, 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कर दिया ये बड़ा ऐलान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी नेता और यूपीएससी टीचर के नाम से मशहूर अवध ओझा बुधवार को उत्तर प्रदेश के कुशीनगर स्थित रामकोला पहुंचे। यहां वह समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान अवध ओझा ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में समाजवादी पार्टी के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का प्रचार करने की घोषणा की। एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अवध ओझा ने कहा कि वे अखिलेश यादव को व्यक्तिगत रूप से पसंद करते हैं और उनकी शिक्षा नीतियों पर विस्तार से चर्चा कर चुके हैं। हालांकि, उन्होंने खुद चुनाव लड़ने की कोई इच्छा जाहिर नहीं की।
अवध ओझा ने अखिलेश यादव का किया समर्थन
अवध ओझा ने कहा कि मैं अखिलेश यादव को देश का एकमात्र ऐसा नेता मानता हूं, जिनके साथ मैंने शिक्षा पर लगभग तीन घंटे तक बातचीत की है। उनकी सोच और दृष्टिकोण मुझे प्रभावित करता है। अगर वे कहेंगे, तो मैं अगले विधानसभा चुनाव में उनका प्रचार जरूर करूंगा, लेकिन खुद किसी सीट से चुनाव नहीं लड़ूंगा। अवध ओझा का यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि आप और सपा दोनों ही विपक्षी दलों में हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल हुए स्थानीय नेता और कार्यकर्ता
बता दें, कुशीनगर जिले के रामकोला में सपा का यह कार्यक्रम स्थानीय स्तर पर चुनावी तैयारियों को लेकर आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में सपा के स्थानीय नेता व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में अवध ओझा ने कहा कि वे राजनीति में सक्रिय रहेंगे, लेकिन चुनावी उम्मीदवारी से दूर रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रचार करना मेरा कर्तव्य होगा, अगर सपा की ओर से बुलावा आए। आप नेता ने कहा कि अखिलेश यादव जैसे नेता को समर्थन देना मेरे लिए सम्मान की बात होगी। बता दें, अवध ओझा का यह बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश में अगले दो साल में विधानसभा चुनाव होने है।
Created On :   11 Sept 2025 2:21 AM IST













