तमिलनाडु में आज होगा शपथग्रहण?: नई सरकार का गठन लगभग तय था फिर कैसे रातों रात पलट गया खेल? विजय पर किसने लगाया फर्जी समर्थन पत्र का आरोप?

नई सरकार का गठन लगभग तय था फिर कैसे रातों रात पलट गया खेल? विजय पर किसने लगाया फर्जी समर्थन पत्र का आरोप?
तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर बड़ा सस्पेंस बना हुआ है। विजय की TVK बहुमत से पीछे है। समर्थन पत्र, बैठकों और आरोपों ने राजनीति को और गर्म कर दिया।

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा सस्पेंस देखने को मिला। अभिनेता विजय की पार्टी TVK पूरे दिन सरकार बनाने को लेकर उत्साहित दिखी। पार्टी को भरोसा था कि कई दलों के समर्थन से बहुमत मिल जाएगी। भरोसा इतना था कि कार्यकर्ताओं ने जश्न भी शुरू कर दिया था। लेकिन रात होते-होते पूरा सियासी खेल बदलता नजर आया। कुछ सहयोगी दलों की तरफ से समर्थन पत्र नहीं मिलने के कारण मामला अटक गया। इसी बीच कई नेताओं की लगातार बैठकों और नए दावों ने तमिलनाडु की राजनीति को और ज्यादा रोमांचक बना दिया। अब सवाल यह है कि क्या आज नई सरकार का शपथग्रहण समारोह होगा भी या नहीं?

समर्थन पत्र ने बढ़ाया सस्पेंस

TVK को कांग्रेस, CPI, CPI(M) और संभावित रूप से VCK और IUML से समर्थन मिलने की उम्मीद थी। लेकिन VCK की तरफ से देर रात तक आधिकारिक समर्थन पत्र नहीं दिया गया। इसी वजह से विजय की पार्टी बहुमत के आंकड़े से पीछे रह गई।

नेताओं की बैठकों से बढ़ी हलचल

VCK प्रमुख थिरुमावलवन लगातार अलग-अलग नेताओं से मुलाकात करते रहे। उन्होंने खुलकर कोई अंतिम फैसला नहीं बताया। बाद में उनकी मुलाकात कार्यवाहक मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से भी हुई, जिससे सियासी चर्चाएं और तेज हो गईं।

दिनाकरन ने लगाए बड़े आरोप

AMMK प्रमुख टी.टी.वी. दिनाकरन ने दावा किया कि उनकी पार्टी के विधायक को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने राज्यपाल से शिकायत करते हुए कहा कि समर्थन वाला पत्र फर्जी है। वहीं, TVK ने इन आरोपों को गलत बताया और एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा।

बहुमत के लिए जारी है जोड़तोड़

234 सीटों वाली विधानसभा में TVK को 108 सीटें मिली हैं। बहुमत के लिए 118 का आंकड़ा पार करना है यानी अभी और विधायकों के समर्थन की जरूरत है। कांग्रेस और वाम दलों का झुकाव TVK की तरफ दिख रहा है, लेकिन अंतिम तस्वीर अभी साफ नहीं हुई है।

यह भी पढ़े -चुनाव में बंपर जीत के बाद बीजेपी विधायक दल की बैठक आज, चुना जाएगा विधायक दल का नेता, कल होगा शपथ ग्रहण समारोह

Created On :   9 May 2026 9:54 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story