हरियाणा सियासत: राष्ट्रीय सुरक्षा और लोकतंत्र के मुद्दे पर मंत्री अनिल विज का बड़ा बयान, कहा - 'रोटी एक-दो कम खा लो, लेकिन हथियार...'

राष्ट्रीय सुरक्षा और लोकतंत्र के मुद्दे पर मंत्री अनिल विज का बड़ा बयान, कहा - रोटी एक-दो कम खा लो, लेकिन हथियार...

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। हरियाणा में नायब सिंह सैनी सरकार में मंत्री अनिल विज ने राष्ट्रीय सुरक्षा और लोकतंत्र पर अपनी बात रखी है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसके लिए हथियार, मिसाइलें बनाना और खरीदना बेहद जरूरी है। विज ने कहा, 'रोटी एक-दो कम खा लो, लेकिन हथियार बनाओ। हमें नहीं पता कब किसका दिमाग खराब हो और हमें उसे ठीक करना पड़े।' विज ने बल देते हुए कहा कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता आज की सबसे बड़ी जरूरत है।

अनिल विज ने कांग्रेस पर साधा निशाना

इस दौरान अनिल विज ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का देश की संवैधानिक संस्थाओं में कोई भरोसा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस योजनाबद्ध तरीके से इन संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।

विज ने कहा, "कांग्रेस के दिमाग में हमेशा तानाशाही रही है। उनके लिए प्रजातंत्र का कोई सम्मान नहीं है।" उन्होंने इमरजेंसी का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश में बार-बार लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन किया है।

बीजेपी लोकतांत्रिक मूल्यों के समर्थक वाली पार्टी - अनिल विज

यही नहीं, बल्कि मंत्री विज ने दावा करते हुए कहा कि देश में धारा 356 का 192 बार इस्तेमाल करके चुनी हुई सरकारों को भंग किया गया। उन्होंने कहा कि इसमें से अधिकतर मामले कांग्रेस के शासनकाल में हुए। इसके अलावा विज बीजेपी को लोकतांत्रिक मूल्यों का समर्थक वाली पार्टी बताया। उन्होंने कहा, "पिछले 11 सालों में बीजेपी ने कभी भी लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ नहीं किया, क्योंकि हम देश की एक प्रजातांत्रिक पार्टी हैं।"

अनिल विज ने बीजेपी की नीतियों को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी देश की सुरक्षा और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसी ताकतों का समर्थन करें जो देशहित को सर्वोपरि मानती हों। विज के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है और इसे कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी की आक्रामक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

Created On :   19 Jun 2025 3:43 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story