Bangladesh Violence: 'जब गैर-मुस्लिम पर मुसलमान जुर्म करे तो जुर्म और...', हिंदू युवक की हत्या पर भड़के मौलाना महमूद मदनी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। हाल ही में बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू दास की हत्या के बाद भारत में हिंदू संगठन भड़क उठा है। इस घटना के विरोध में मंगलवार को बांग्लादेश हाईकमीशन के बाहर प्रदर्शन हुआ। उधर, कोलकाता में हिंदूवादी संगठन उप उच्चायोग के बाहर प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर उतरे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इस बीच जमीयत-उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी ने बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या की कड़े शब्दों में निंदा जाहिर की है।
यह भी पढ़े -झारखंड के नगर निकायों में हेमंत सरकार ने दलितों का आरक्षण घटाकर किया अन्यायः भाजपा
बांग्लादेश में हिंदू युवक की मौत पर भड़के महमूद मदनी
महमूद मदनी ने कहा कि अगर जुर्म करने वाले मुसलमान और जिस पर किया जाए वो गैर-मुस्लिम हो तो जुर्म और ज्यादा बढ़ जाता है। दीपू दास की हत्या पर महमूद मदनी ने कहा कि ये बहुत शर्मनाक है, इस्लाम, मुसलमान इस तरह का काम करें तो हमारी नजरें झुकती हैं और इस घटना की जितनी निंदा की जाए वो कम है।
मौलाना महमूद मदनी ने कहा, 'एक तो किसी को मारने का अधिकार सभ्य समाज में नहीं होना चाहिए। चाहे किसी ने कितना भी गलत काम किया हो, उसको सजा देने का एक प्रोसेस होता है, उस प्रोसेस से करो। फिर करने वाले मुसलमान हो और जिसके साथ किया जा रहा है, वो नॉन-मुस्लिम हो तो उसका जुर्म और ज्यादा बढ़ जाता है, तो हम इसकी सख्ती से मजम्मत करते हैं और बांग्लादेश के लोगों से ये कहना चाहते हैं कि उनके मुल्क में ये तो बहुत बड़ी बात है किसी को मारा जाना, किसी के साथ अत्याचार भी हो तो ये इस्लाम तो इसकी इजाजत नहीं देता है।'
यह भी पढ़े -'वोट जिहाद' की बात करने वाले बांग्लादेश में हिंदुओं के नरसंहार पर चुप हैं सुधांशु त्रिवेदी
भीड़ ने पीट-पीटकर की दीपू चंद्र दास की हत्या
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यूपर्ण है कि एशिया में कट्टरवाद बढ़ रहा है और इसे काउंटर किया जाना चाहिए, इसे कम करने के लिए कुछ किया जाना चाहिए। ये जरूरी चीज है। बता दें, बांग्लादेश के बालुका में 18 दिसंबर को ईशनिंदा के आरोप में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की भीड़ ने पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद उसके शव को आग के हवाले कर दिया गया। दीपू एक कपड़ा कारखाने में काम करता था। इस मामले में अब तक 12 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
Created On :   23 Dec 2025 10:44 PM IST





